देश की खबरें | आईआईटी-बी के छात्र की मौत : माता-पिता के बयान दर्ज करने अहमदाबाद में छात्र के घर पहुंची मुंबई पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-बंबई के कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्र दर्शन सोलंकी के माता-पिता के बयान दर्ज करने के लिए बृहस्पतिवार को गुजरात का दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 16 फरवरी मुंबई पुलिस ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-बंबई के कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्र दर्शन सोलंकी के माता-पिता के बयान दर्ज करने के लिए बृहस्पतिवार को गुजरात का दौरा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पवई पुलिस का तीन सदस्यीय दल सुबह अहमदाबाद शहर के मणिनगर में सोलंकी के घर पहुंचा। यह प्रमुख संस्थान पोवई पुलिस के अधिकार क्षेत्र में (आईआईटी-बी) स्थित है।

सोलंकी के परिवार ने बुधवार को दावा किया था कि उसे अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से संबंधित होने के कारण प्रमुख संस्थान में भेदभाव का सामना करना पड़ा और इसकी प्रबल आशंका है कि उसने इसी कारण आत्महत्या की।

अधिकारी ने बताया कि जांच के तहत दल सोलंकी के माता, पिता और अन्य रिश्तेदारों से बात करेगा। वह (दल) एक बार फिर सोलंकी के माता-पिता के बयान दर्ज करेगा।”

उन्होंने बताया कि इससे पहले, सोलंकी के माता-पिता उनकी कथित आत्महत्या के बारे में जानने के बाद मुंबई आ गए थे। अधिकारी ने बताया कि अपने शुरुआती बयानों में, उन्होंने जांच पर कोई आपत्ति नहीं जताई थी और न ही अपने बेटे की मौत पर संदेह व्यक्त किया था।

अधिकारी ने बताया, “पुलिस दल अब उनसे पूछेगा कि क्या उन्हें मामले में कुछ और कहना है या उन्हें किसी के खिलाफ कोई शिकायत है।”

दर्शन सोलंकी (18) की रविवार (12 फरवरी) को आईआईटी के पवई परिसर में एक छात्रावास की इमारत की सातवीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाने से मौत हो गई थी। वह अहमदाबाद का रहने वाला था और बी.टेक (केमिकल) पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष का छात्र था।

आईआईटी-बी के एक छात्र संगठन ने आरोप लगाया था कि सोलंकी को उसकी जाति को लेकर भेदभाव का सामना करना पड़ा था।

आईआईटी-बंबई ने मंगलवार को संस्थान में जातिगत पूर्वाग्रह के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोस्तों से मिली शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि कोई भेदभाव नहीं था।

मुंबई पुलिस ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने मामले की जांच के तहत सोलंकी के छात्रावास के साथियों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now