ताजा खबरें | आप प्रश्नकाल चलने देते तो मैं शून्यकाल चलाता: लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से कहा

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होने पर विपक्षी सदस्यों से नाखुशी जताते हुए कहा कि जब प्रश्नकाल नहीं चलने दिया गया तो उन्होंने तय किया कि आज शून्यकाल भी नहीं चलेगा।

नयी दिल्ली, 13 फरवरी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होने पर विपक्षी सदस्यों से नाखुशी जताते हुए कहा कि जब प्रश्नकाल नहीं चलने दिया गया तो उन्होंने तय किया कि आज शून्यकाल भी नहीं चलेगा।

अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बृहस्पतिवार को सदन की कार्यवाही आरंभ होने के लगभग पांच मिनट बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन में 11 बजे से 12 बजे तक प्रश्नकाल की कार्यवाही संचालित होती है और सदस्य विभिन्न मंत्रियों से उनके मंत्रालयों से संबंधित पूरक प्रश्न पूछते हैं।

सदन की कार्यवाही दो बजे पुन: शुरू हुई तो विपक्ष के कुछ सदस्यों ने शून्यकाल चलाने की मांग की, जिस पर अध्यक्ष बिरला ने कहा, ‘‘अगर आप (विपक्ष) प्रश्नकाल चलने देते तो मैं शून्यकाल चलाता। जब आपने प्रश्नकाल नहीं चलने दिया तो मैंने कहा कि शून्यकाल भी नहीं चलेगा।’’

शून्यकाल में सदस्य विभिन्न लोक महत्व के मुद्दे उठाते हैं और अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाकर सरकार से उचित कार्रवाई का अनुरोध करते हैं।

इससे पहले बिरला ने प्रश्नकाल में विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के दौरान नियोजित तरीके से गतिरोध करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है। आप (कांग्रेस) ने इतने साल शासन किया है....आप सदन में व्यवधान पैदा करना करते हैं।’’

बिरला का कहना था, ‘‘मैंने कहा है कि दोपहर 12 बजे विषय को रखने देंगे, लेकिन आप चर्चा नहीं चाहते। आप महत्वपूर्ण विषयों को सदन में नहीं लाना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नकाल में सरकार की जवाबदेही तय होती है। यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। आप सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं।’’

हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न करीब 11 बजकर पांच मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

विपक्षी सदस्यों ने जिस खबर को लेकर हंगामा किया, उसमें दावा किया गया है कि सरकार ने गुजरात में अदाणी समूह के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के लिए मार्ग प्रशस्त करने के मकसद से पाकिस्तान सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढील दी है।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है।

अदाणी समूह की ओर से इस आरोप पर फिलहाल प्रतिक्रिया नहीं आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now