देश की खबरें | अगर ‘आप’ एमसीडी चुनाव में जीतती है तो वह दिल्ली को विश्वस्तर का शहर बनाएगी : दुर्गेश पाठक

दिल्ली, 14 मार्च आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि अगर उनकी पार्टी अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम में जीत दर्ज करती है तो वह राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ और विश्व स्तर का शहर बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अब नगर निकाय पर काबिज होने के लिए ध्यान केंद्रित कर रही है।

नगर निगम के पार्टी प्रभारी पाठक ने कहा कि जमीन पर यह भावना है कि अरविंद केजरीवाल सरकार को नगर निगमों में मौका दिया जाना चाहिए।

दिल्ली नगर निगम के वर्ष 2022 में चुनाव होने हैं।

पाठक ने कहा, ‘‘ नगर निगमों का मुख्य काम दिल्ली को स्वच्छ रखना है लेकिन भाजपा के शासन में राष्ट्रीय राजधानी गंदी है। ऐसे में हमारा पहला काम दिल्ली को स्वच्छ बनाना होगा। स्थानीय निकाय नीतियों को लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं इसलिए अगर ‘आप’ सरकार आती है तो हम दिल्ली को विश्व स्तर का शहर बनाने में सफल होंगे।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी नगर निगमों में भ्रष्टाचार कम करेगी।

उप चुनाव के नतीजों का संदर्भ देते हुए पाठक ने कहा कि आप ने भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली सीटों और अन्य पर भी उपचुनाव जीते हैं, आप के जीत का अंतर बढ़ा है।

पाठक ने ‘पीटीआई-’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमें जमीन से संदेश मिल रहा है कि अरविंद केजरीवाल सरकार को नगर निगमों में भी मौका मिलना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)