देश की खबरें | लद्दाख में विकास की अपार संभावनाओं पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात करूंगा: उपराज्यपाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की कमान संभालने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र जम्मू पहुंचे उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता का सोमवार को यहां भव्य स्वागत किया गया।
जम्मू, 28 जुलाई केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की कमान संभालने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र जम्मू पहुंचे उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता का सोमवार को यहां भव्य स्वागत किया गया।
गुप्ता ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर लद्दाख में विकास की अपार संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम पर उनके उस बयान के लिये निशाना साधा जिसमें कहा गया था कि ‘‘पहलगाम हमले के पीछे घरेलू आतंकवादी थे’’। उन्होंने कहा कि कुछ दलों की आदत बन गई है कि वे हमेशा पाकिस्तान को ‘क्लीन चिट’ दे देते हैं।
जम्मू हवाई अड्डे पर हाथों में तिरंगा लिए और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया।
गुप्ता ने कहा, ‘‘मैं कुछ दिनों में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलकर लद्दाख में विकास की अपार संभावनाओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित करूंगा।’’
उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों को भारत सरकार से बहुत उम्मीदें हैं और इस दिशा में लगातार काम हो रहा है। गुप्ता ने कहा, ‘‘हम वहां विशेष रूप से पर्यटन को बढ़ावा देना चाहते हैं। आने वाले वर्षों के लिए कई पर्यटन परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि सिर्फ रविवार को ही उन्होंने 180 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया।
जोजिला सुरंग के बारे में उन्होंने कहा कि सुरंग के दोनों छोर अगले साल मार्च तक जुड़ जाएंगे।
पहलगाम हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता पर सवाल उठाने वाले चिदंबरम के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने दोहराया कि आतंकवादी बाहर से आए थे और इसमें कोई संदेह नहीं है कि स्थानीय लोगों ने उनका समर्थन किया होगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे मुद्दों का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए और देश के साथ खड़ा होना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)