कोल्लम (केरल), 22 जून केरल में 24 वर्षीय एक महिला की उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने को लेकर छाए रोष के बीच पुलिस ने महिला के मायके वालों की शिकायत पर उसके पति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
महिला के मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
आयुर्वेद की मेडिकल छात्रा विस्मया सोमवार को जिले के सस्थामकोट्टा में घर के बाथरूम में फंदे से लटकी हुई पाई गई।
महिला के माता-पिता और भाई ने दहेज को लेकर उसके पति एस किरण कुमार, जो एक सहायक मोटर वाहन निरीक्षक है, पर अत्याचार और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
केरल के पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहेरा ने मंगलवार को कहा कि इस घटना ने राज्य के लोगों की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने उन घटनाओं में कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राज्य परिवहन विभाग ने कुमार को सेवा से निलंबित कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि कुमार को महिला के परिवार की शिकायत के आधार पर कल रात हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई- को बताया कि उस पर आईपीसी की धारा 304बी (दहेज उत्पीड़न से मौत) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY