देश की खबरें | इंदौर में खेती की उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण के खिलाफ ट्रैक्टरों के साथ जुटे सैकड़ों किसान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समर्थित भारतीय किसान संघ (बीकेएस) के आह्वान पर इंदौर में बुधवार को सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ जुटे और विकास परियोजनाओं के लिए खेती की उपजाऊ जमीनों के कथित सरकारी अधिग्रहण पर विरोध जताया।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 फरवरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समर्थित भारतीय किसान संघ (बीकेएस) के आह्वान पर इंदौर में बुधवार को सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ जुटे और विकास परियोजनाओं के लिए खेती की उपजाऊ जमीनों के कथित सरकारी अधिग्रहण पर विरोध जताया।
शहर की लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में जमा प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खेती की उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण के बदले उन्हें बाजार मूल्य के मुकाबले बेहद कम मुआवजा दिया जा रहा है जो उन्हें कतई मंजूर नहीं है।
किसानों ने इंदौर के पश्चिमी रिंग रोड, इंदौर-बुधनी रेल लाइन और अन्य परियोजनाओं के लिए किए जा रहे जमीन अधिग्रहण के खिलाफ विरोध जताया।
बीकेएस के जिला संरक्षक सुरेंद्र पटेल ने संवाददाताओं से कहा,‘‘पश्चिमी मध्यप्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभागों में खेती की उपजाऊ जमीनें विकास परियोजनाओं के नाम पर अधिग्रहित की जा रही हैं। हम इन परियोजनाओं के लिए अपनी एक इंच जमीन भी सरकार को नहीं देना चाहते।’’
लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी में जुटे किसानों ने जैसे ही अपने ट्रैक्टरों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने कृषि उपज मंडी के द्वार के सामने सड़क पर बैठ कर धरना शुरू कर दिया।
किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर मंडी परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)