देश की खबरें | कुवैत में बंधक दंपति को पुलिस और भारतीय दूतावास की मदद से छुड़ाया गया

ठाणे, छह जुलाई महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक महिला और उसके पति का कुवैत जाकर अधिक धन कमाने और बेहतर जीवन बिताने का सपना तब टूट गया जब उनके नियोक्ता ने उनका शोषण किया और दोनों को बंदी बना लिया। लेकिन ठाणे पुलिस के 'भरोसा' प्रकोष्ठ के प्रयासों और कुवैत में भारतीय दूतावास द्वारा दी गई सहायता के परिणामस्वरूप दंपति सुरक्षित रूप से भारत लौट आए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मीरा भायंदर वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस के भरोसा प्रकोष्ठ की सहायक पुलिस निरीक्षक तेजाश्री शिंदे ने कहा कि ठाणे जिले के भयंदर की एक महिला ने कुछ समय पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि कुवैत में एक घरेलू सहायिका और उसके पति को उनके नियोक्ता ने बंधक बना लिया है।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह दंपति को जानती है क्योंकि वह उनके साथ पहले भी काम कर चुकी है।

तेजाश्री शिंदे ने कहा, ‘‘उसने अपनी शिकायत में कहा कि दंपति इस साल पांच अप्रैल को एक भर्ती एजेंसी के माध्यम से कुवैत चले गए थे। उन्हें कुवैत के एक नागरिक द्वारा घरेलू सहायक के रूप में काम पर रखा गया था। उन्हें 40,000 रुपये मासिक वेतन देने का वादा किया गया था तथा घरेलू कामों और खाना पकाने के अलावा दो बच्चों की देखभाल करने का काम सौंप गया था।”

शिकायत के मुताबिक हालांकि उनके नियोक्ता मोसाब अब्दुल्ला ने दंपति को नौ बच्चों की देखभाल करने और छह कमरों वाले एक फ्लैट की साफ-सफाई और अन्य काम करने के लिए मजबूर किया। उन्हें दिन में 22 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया जाता था।

काम के दबाव के कारण महिला की तबीयत खराब हो गयी और उसे कुवैत के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारी शिंदे ने कहा, ‘‘ इस बीच, पीड़ित महिला किसी तरह भायंदर में रहने वाली अपनी मित्र के संपर्क में आई और कुवैत के अस्पताल की तस्वीर साझा की और खुद तथा अपने पति को बचाने की गुहार लगाई।’’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस बीच शिकायतकर्ता महिला एमबीवीवी पुलिस के भरोसा प्रकोष्ठ पहुंची और दंपति को बचाने के लिए उनकी मदद मांगी।

इसके बाद एमबीवीवी पुलिस ने कुवैत में भारतीय दूतावास से संपर्क किया और मदद मांगी। एमबीवीवी पुलिस और कुवैत में स्थित भारतीय दूतावास के प्रयासों से दंपति को वहां से सुरक्षित निकालकर भारत लाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)