देश की खबरें | पुणे में गूगल के कार्यालय में बम होने की झूठी कॉल, व्यक्ति हैदराबाद से पकड़ा गया

पुणे, 13 फरवरी महाराष्ट्र के पुणे शहर में गूगल कंपनी के कार्यालय को इसके परिसर में एक बम होने संबंधी एक कॉल आने के बाद कुछ समय के लिए अलर्ट पर रखा गया। बाद में उक्त सूचना झूठी निकली। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी।

पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर नशे की हालत में कॉल करने वाले व्यक्ति के हैदराबाद में होने का पता चला और उसे वहां से पकड़ लिया गया।

मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित गूगल के कार्यालय में रविवार शाम 7.54 बजे फोन आया कि पुणे में मुंढवा इलाके में एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित कंपनी के कार्यालय में एक बम रखा गया है।

कंपनी के अधिकारियों ने बीकेसी पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी, जिसने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (1) (बी) और 506 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस ने बाद में अपने पुणे समकक्षों के साथ सूचना साझा की।

पुणे के पुलिस उपायुक्त (जोन पांच) विक्रांत देशमुख ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुणे पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे और व्यापक तलाशी ली।

अधिकारी ने कहा, ‘‘बाद में कॉल झूठी निकली। कॉल करने वाले का हैदराबाद से पता लगा लिया गया और उसे पकड़ लिया गया। उसने कथित तौर पर शराब के नशे में फोन किया था।’’

उन्होंने कहा कि घटना की आगे की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)