देश की खबरें | उत्तराखंड में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के 80 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड में सरकारी हाई स्कूलों और इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 80 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त हैं।
पिथौरागढ़, 27 अप्रैल उत्तराखंड में सरकारी हाई स्कूलों और इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 80 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त हैं।
यह जानकारी माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पिथौरागढ़ जिले के तिलधुकरी क्षेत्र के निवासी पंकज भटट द्वारा सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत दायर किए गए आवेदन पर उपलब्ध कराई है।
देहरादून में विभाग में लोक सूचना अधिकारी आर आर सोलियाल द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के अनुसार, प्रदेश के हाईस्कूलों में प्रधानाचार्यों के 910 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 831 पद रिक्त हैं । इन स्वीकृत पदों में 753 पद पुरुषों तथा 78 महिलाओं के हैं ।
जवाब के मुताबिक, राज्य के इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्य के कुल 1248 स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान में 1180 पद खाली पड़े हैं जिसमें से 1043 पद पुरुषों के लिए और 97 पद महिलाओं के लिए हैं।
प्रदेश में हाईस्कूलों में प्रधानाचार्य के खाली पदों के मामले में पौड़ी जिला शीर्ष पर है जहां 116 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 109 पद खाली हैं ।
इसी प्रकार, प्रदेश का टिहरी जिला प्रधानाचार्य विहीन इंटर कॉलेजों की सूची में सबसे आगे हैं जहां 183 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 172 पद रिक्त हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)