खेल की खबरें | हरमनप्रीत और क्रांति का शानदार प्रदर्शन, भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड से श्रृंखला जीती

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शतक जमाया जबकि युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने छह विकेट लिए जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 13 रन से जीत दर्ज करके श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।

चेस्टर ली स्ट्रीट, 23 जुलाई कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शतक जमाया जबकि युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने छह विकेट लिए जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 13 रन से जीत दर्ज करके श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।

कप्तान हरमनप्रीत की 84 गेंदों पर 102 रन की शानदार पारी और जेमिमा रोड्रिग्स (50) के अर्धशतक की बदौलत भारतीय महिला टीम ने पांच विकेट पर 318 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। मंगलवार को खेले गए इस मैच में इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और इंग्लैंड को 49.5 ओवर में 305 रन पर आउट कर दिया।

अपना चौथा वनडे खेल रही क्रांति गौड़ ने 52 रन देकर छह विकेट जबकि बाएं हाथ के स्पिनर श्री चरणी ने 68 रन देकर दो विकेट लिए। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान नेट साइवर ब्रंट ने 98 और एम्मा लैंब ने 68 रन बनाए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी की।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम का इंग्लैंड का यादगार दौरा समाप्त हो गया। उसने इससे पहले पांच मैचों की टी20 श्रृंखला भी 3-2 से जीती थी।

हरमनप्रीत पहले दो मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी लेकिन उन्होंने श्रृंखला के निर्णायक मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया तथा वनडे में अपना सातवां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने महिला वनडे में 4000 रन भी पूरे किए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 14 चौके जड़े।

यह इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में भारत का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। टीम ने सितंबर 2022 में केंटरबरी में इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 333 रन का सर्वोच्च स्कोर बनाया था। हरमनप्रीत ने उस मैच में भी शतक लगाया था।

भारतीय कप्तान ने ऑफ साइड में शानदार शॉट खेले और अपने अधिकतर चौके वहीं मारे। उन्होंने कुछ सीधी बाउंड्री लगाने के अलावा विकेट के पीछे भी एक चौका मारा।

हरमनप्रीत ने इस दौरान हरलीन देओल (45) के साथ तीसरे विकेट विकेट के लिए 81 और फिर जेमिमा के साथ सिर्फ 77 गेंद में 110 रन की साझेदारी करके भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

रिचा घोष ने अंत में सिर्फ 18 गेंद में नाबाद 38 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे।

भारत को इससे पहले स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल की सलामी जोड़ी ने 64 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। इस साझेदारी के दौरान मंधाना ने आक्रामक रुख अपनाया।

भारतीय उप कप्तान मंधाना पांच चौके लगाकर अच्छी लय में लग रहीं थी लेकिन 18वें ओवर में सोफी एक्लेस्टोन की शॉर्ट और बाहर की ओर जाती गेंद को पुल करने की कोशिश में मिडविकेट पर सोफिया डंकले को कैच दे बैठीं। मंधाना ने 54 गेंद में 45 रन की पारी खेली।

इससे पहले प्रतीका 13वें ओवर में पवेलियन लौटीं जब चार्ली डीन की गेंद पर विकेटकीपर ऐमी जोन्स ने उनका कैच लपका। उन्होंने 26 रन बनाए।

जेमिमा शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आईं और उन्होंने 41वें ओवर में डीन पर लगातार तीन चौके मारे। उन्होंने इस स्पिनर के अगले ओवर में भी लगातार दो चौके जड़े। उन्होंने 45 गेंद में सात चौकों से 50 रन की पारी खेली।

हरलीन ने भी तेज गेंदबाज लॉरेन बेल की गेंद पर आउट होने से पहले 65 गेंद की अपनी पारी में चार चौके मारे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Live Toss And Scorecard: किंग्समीड स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका महिला के कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के सामने रखा 181 रनों का टारगेट, कैमरून ग्रीन ने खेली दमदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Prediction: किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला के बीच होगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती है बाजी

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला मुकाबले में गेंदबाज दिखाएंगे दम या बल्लेबाज करेंगे रन की बारिश? यहां जानें पिच और मौसम का हाल