देश की खबरें | गोवा में भारी बारिश, एक व्यक्ति की मौत, कई घर जलमग्न
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा में पिछले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हुई जिसके कारण एक महिला बाढ़ के पानी में बह गई, जबकि तटीय राज्य के निचले इलाकों में कई घर जलमग्न हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पणजी, छह जुलाई गोवा में पिछले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हुई जिसके कारण एक महिला बाढ़ के पानी में बह गई, जबकि तटीय राज्य के निचले इलाकों में कई घर जलमग्न हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा के जिलों के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए तटीय राज्य के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग ने निचले इलाकों में स्थित मकानों में पानी भरने, कमजोर पेड़ों तथा संरचनाओं के गिरने, आवश्यक सेवाओं में स्थानीय एवं अल्पकालिक व्यवधान और तेज बारिश के दौरान कम दृश्यता रहने का अनुमान जताया है।
अग्निशमन औश्र आपातकालीन सेवा विभाग को गोवा के कुछ हिस्सों में सड़कों पर पेड़ गिरने की कई शिकायतें मिलीं। जबकि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपने सभी कर्मचारियों को अलर्ट वापस लेने तक अपनी छुट्टियां और सप्ताहांत की छुट्टियां रद्द करने और ड्यूटी पर आने के लिए कहा है।
दक्षिण गोवा के अतिरिक्त जिलाधिकारी दीपक देसाई ने बताया कि बुधवार शाम दक्षिण गोवा के नक्वेरी बैतूल गांव में फ्लोरिना डिसूजा (56) नामक महिला जब एक अन्य महिला के साथ धान के खेत में गई थी, तभी पानी के तेज बहाव में बह गई। उन्होंने बताया कि दूसरी महिला ने पानी के तेज बहाव में एक पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई।
देसाई ने कहा कि आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने रात भर डिसूजा की तलाश की और बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे धान के खेत के पास एक परित्यक्त बॉक्साइट खनन गड्ढे में उनका शव मिला।
भारी बारिश के कारण दक्षिण गोवा में मडगांव शहर के पास खरेबंध सहित कई जगहें जलमग्न हो गईं।
खरेबांध में रहने वाले राजेंद्र राठौड़ ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि वह बुधवार रात से सड़क पर थे क्योंकि भारी बारिश के कारण पानी अचानक उनके घर में घुस गया और उनका सारा सामान बह गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)