देश की खबरें | हरियाणा हिंसा : मुख्यमंत्री खट्टर ने केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर बुधवार को केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी तथा कहा कि आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की एक बटालियन भी नूंह में तैनात की जाएगी।
चंडीगढ़, दो अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर बुधवार को केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी तथा कहा कि आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की एक बटालियन भी नूंह में तैनात की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्रीय बलों की 20 कंपनी पहले से ही हरियाणा में तैनात हैं, जिनमें से 14 नूंह में, तीन पलवल में, दो गुरुग्राम में और एक फरीदाबाद में तैनात है।
यह पूछे जाने पर कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि नूंह में धार्मिक शोभायात्रा के आयोजकों ने जिला प्रशासन को संभावित भीड़ की सही जानकारी नहीं दी थी, इस पर खट्टर ने कहा कि ऐसा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब शोभायात्रा की सूचना मिली तो एक दिन पहले उपायुक्त ने दोनों पक्षों के साथ बैठक की। प्रशासन को आश्वासन दिया गया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से होगा। लेकिन, अचानक घटनाएं हुईं, जिसकी जांच की जा रही है।’’
विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में भड़की हिंसा-जो पिछले दो दिनों में गुरुग्राम तक फैल गई- में दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित छह लोगों की मौत हो गई है।
शांति की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
खट्टर ने कहा कि नूंह में सोमवार को हुई हिंसा के बाद से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 90 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
खट्टर ने कहा कि नूंह में गोरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा, ‘‘वहां (गाय की) तस्करी और गोहत्या होती है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस के प्रवर्तन ब्यूरो के 100 जवानों को गायों की रक्षा के लिए तैनात किया जाएगा।
खट्टर ने मुस्लिम समुदाय के युवाओं से भी गोरक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे कई मुस्लिम हैं जो गोरक्षा के लिए आवाज उठाते हैं और इसके लिए काम करते हैं।’’
संपत्ति को नुकसान पहुंचने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस किसी ने भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उसे इसकी भरपाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने पहले ही इस संबंध में एक कानून बनाया है।
मोनू मानेसर के बारे में पूछे जाने पर खट्टर ने कहा कि उस पर राजस्थान पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
खट्टर ने कहा कि हरियाणा सरकार मोनू मानेसर को पकड़ने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
गोरक्षक मोनू मानेसर के खिलाफ राजस्थान पुलिस ने दो मुस्लिम युवकों की हत्या के सिलसिले में मामला दर्ज किया था, जिनके झुलसे हुए शव फरवरी में हरियाणा के भिवानी जिले में पाए गए थे।
खट्टर ने कहा, ‘‘राजस्थान पुलिस मोनू मानेसर की तलाश कर रही है। हमारे पास कोई जानकारी नहीं है कि वह अब कहां है। राजस्थान पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है।’’
मोनू मानेसर ने वीडियो जारी कर नूंह में बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा में शामिल होने की बात कही थी।
खट्टर ने कहा कि पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए ‘मोबाइल डंप डेटा’ की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)