देश की खबरें | हरियाणा के मुख्य सचिव ने नूंह में जी-20 शेरपा समूह की चौथी बैठक की तैयारियों की समीक्षा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बृहस्पतिवार को नूंह जिले में तीन से सात सितंबर तक होने वाली जी20 शेरपा समूह की चौथी बैठक की तैयारियों की समीक्षा की।
चंडीगढ़, 31 अगस्त हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बृहस्पतिवार को नूंह जिले में तीन से सात सितंबर तक होने वाली जी20 शेरपा समूह की चौथी बैठक की तैयारियों की समीक्षा की।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम का समन्वय जी20 सचिवालय के मार्गदर्शन में नूंह और गुरुग्राम जिलों के प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
बयान के अनुसार, बैठक में जी20 के सदस्य देशों के अलावा आमंत्रित देशों के शेरपा और अन्य प्रतिनिधि भाग लेंगे।
नयी दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले होने वाले इस कार्यक्रम के संदर्भ में कौशल ने कहा कि नूंह में इस ‘भव्य आयोजन’ के लिए समुचित व्यवस्था करने की आवश्यकता है और सभी तैयारियां एकदम सटीक हो रही हैं।
उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को बैठक के दिनों में कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके संबंधित विभाग से जुड़े किसी काम में कोई कमी ना रहे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली की सीमा से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की सड़कों को बेहतर बनाने का काम पूरा हो चुका है।
बयान में कहा गया है, गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव और नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा ने भी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और मुख्य सचिव को आश्वासन दिया कि चौथी शेरपा बैठक को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
नूंह और गुरुग्राम की सीमाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)