देश की खबरें | सिद्धू के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होंगे हरीश रावत, प्रदेश इकाई को एकजुट दिखाने का होगा प्रयास
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव हरीश रावत पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण करने के समारोह में शुक्रवार को शामिल होंगे और पार्टी आलाकमान इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश इकाई के नेताओं के बीच एकजुटता दिखाने के प्रयास में है।
नयी दिल्ली, 22 जुलाई कांग्रेस महासचिव हरीश रावत पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण करने के समारोह में शुक्रवार को शामिल होंगे और पार्टी आलाकमान इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश इकाई के नेताओं के बीच एकजुटता दिखाने के प्रयास में है।
सूत्रों का कहना है कि इस समारोह में शामिल होने और कांग्रेस की प्रदेश के दोनों प्रमुख धड़ों के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए रावत बृहस्पतिवार शाम ही चंडीगढ़ पहुंच गए। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रावत कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, ''मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की इस समारोह में उपस्थिति को लेकर बनी असमंजस की स्थिति पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय थी, लेकिन अब उनके शामिल होने की पुष्टि होने के बाद आलाकमान की चिंता कम हुई है, हालांकि वह अब भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एकजुट दिखाने के प्रयास में हैं।
पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘पार्टी आलाकमान का यह प्रयास है कि प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह से यह स्पष्ट संदेश जाए कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी एकजुट है।’’
अमरिंदर सिंह शुक्रवार को उस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां नवजोत सिंह सिद्धू औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे।
पार्टी की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा और संगत सिंह गिलजियान ने मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया है।
पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चल रहा है। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे।
अमरिंदर सिंह से मुलाकात के बाद नागरा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को समारोह में उपस्थित होंगे।
सिद्धू शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से चार कार्यकारी अध्यक्षों के साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यभार संभालेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)