गुरुग्राम, पांच अगस्त हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने पंचकूला निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ ब्रिटेन में कूरियर के माध्यम से 1.2 किलोग्राम अफीम भेजने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
अफीम को एक प्लास्टिक की ट्यूब, एक तेल की बोतल और एक प्लास्टिक की बोतल में छिपाकर रखा गया था।
कूरियर फर्म के कर्मचारियों ने शुक्रवार को पार्सल की सामग्री को स्कैन करते समय पाया कि कुछ गड़बड़ है, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया।
हरियाणा राज्य मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की एक टीम ने पैकेट को अपने कब्जे में ले लिया, जिसे खोलने पर उसमें छिपाई गई अफीम बरामद हुई।
सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बिजेंद्र सिंह द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक, उद्योग विहार इलाके की एक कूरियर कंपनी के सुरक्षा जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को ब्यूरो को एक संदिग्ध पार्सल के बारे में सूचना दी थी।
शिकायत के मुताबिक, बरामद अफीम को अलग-अलग चीजों में छिपाकर रखा गया था।
उद्योग विहार थाने के एसएचओ अनिल कुमार ने शनिवार को बताया कि शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि पार्सल भेजने वाले की पहचान पंचकूला निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई जबकि इसे ब्रिटेन के स्मेथविक शहर के जसवीर सिंह को भेजा जा रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY