जरुरी जानकारी | गुजरात के मुख्यमंत्री ने तोक्यो में ‘वाइब्रेंट गुजरात रोडशो’ की अगुवाई की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने अपनी जापान यात्रा के चौथे दिन बुधवार को तोक्यो में ‘वाइब्रेंट गुजरात रोडशो’ का नेतृत्व किया जिसमें 200 से अधिक उद्यमी शामिल हुए।

अहमदाबाद, 29 नवंबर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने अपनी जापान यात्रा के चौथे दिन बुधवार को तोक्यो में ‘वाइब्रेंट गुजरात रोडशो’ का नेतृत्व किया जिसमें 200 से अधिक उद्यमी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री पटेल की अगुवाई में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 10-12 जनवरी को गांधीनगर में होने वाले ‘वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक निवेशक सम्मेलन’ के प्रचार के लिए इस समय जापान के दौरे पर पहुंचा हुआ है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, 'वाइब्रेट गुजरात सम्मेलन' के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित इस रोडशो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जेट्रो) के कार्यकारी उपाध्यक्ष काजुया नकाजो और महानिदेशक ताकेहिको फुरुकावा भी मौजूद रहे। उन्होंने गुजरात की उल्लेखनीय आर्थिक वृद्धि की प्रशंसा की।

जेट्रो के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए वैश्विक व्यापार पारिस्थितिकी में गुजरात की अभिन्न भूमिका पर प्रकाश डाला। फुरुकावा ने कहा कि गुजरात में इस वृद्धि का कारण इसकी ‘डबल इंजन सरकार’ है।

इस दौरान वाहन विनिर्माता सुजुकी के कार्यकारी उपाध्यक्ष केनिची आयुकावा ने गुजरात में काम करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पटेल के सक्रिय दृष्टिकोण की सराहना की।

कार्यक्रम में उद्योग और खान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस जे हैदर ने गुजरात की मजबूती और अवसरों पर एक प्रस्तुति दी।

अगले सम्मेलन के विषय ‘भविष्य के लिए द्वार’ पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने जापान के कारोबारी समुदाय को सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

पटेल ने अपने संबोधन में भारत और जापान के साझा मूल्यों और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भविष्य के विकास मॉडल के रूप में गुजरात पर प्रकाश डाला, जो ‘आत्मनिर्भर गुजरात’ जैसी दूरदर्शी पहल से प्रेरित है।

वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन को बढ़ावा देने के लिए पटेल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल 26 नवंबर से दो दिसंबर के बीच जापान और सिंगापुर के दौरे पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now