देश की खबरें | सरकार जल्द ही राष्ट्रीय पर्यटन नीति की घोषणा करेगी : केंद्रीय मंत्री रेड्डी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र जल्द ही एक राष्ट्रीय पर्यटन नीति की घोषणा करेगा और उसकी वैश्विक पर्यटन निवेश शिखर सम्मेलन के आयोजन की भी योजना है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 22 मई केंद्र जल्द ही एक राष्ट्रीय पर्यटन नीति की घोषणा करेगा और उसकी वैश्विक पर्यटन निवेश शिखर सम्मेलन के आयोजन की भी योजना है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की जबरदस्त संभावना है।
वह तीन दिवसीय जी20 तीसरे पर्यटन कार्य समूह के हिस्से के रूप में ‘आर्थिक और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए फिल्म पर्यटन’ पर एक कार्यक्रम के समापन के बाद यहां एसकेआईसीसी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भारत के जी20 शेरपा अमिताभ कांत भी मौजूद थे।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री रेड्डी ने कहा, “हम भारत के लिये जल्द ही राष्ट्रीय पर्यटन नीति की घोषणा करेंगे। हम वैश्विक पर्यटन निवेश शिखर सम्मेलन की भी योजना बना रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि केंद्र पर्यटन में 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति दे रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा विचार है कि निजी निवेश के बिना, हम एक वैश्विक गंतव्य नहीं बन सकते।”
रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार और पर्यटन मंत्रालय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी मंत्रालयों और राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “भारत सरकार भी सभी जी20 देशों के साथ काम कर रही है और स्थायी पर्यटन के विकास के लिए देशों को आमंत्रित किया गया है।”
जी20 शेरपा कांत ने कहा कि भारत “वैश्विक अस्थिरता” के समय में जी20 अध्यक्षता की मेजबानी कर रहा है।
उन्होंने कहा, “सत्तर प्रतिशत देश ऋण संकट का सामना कर रहे हैं। लोगों की नौकरियां चली गई हैं। लेकिन, भारत जी20 को एक अवसर के रूप में देखता है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि श्रीनगर में जी20 का आयोजन करना अपने आप में एक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि यहां आने वाले प्रतिनिधि उस धारणा को गलत साबित करने में सक्षम होंगे जो निहित स्वार्थों द्वारा बनाई जा रही है। आम आदमी आगे बढ़ना चाहता है।”
सिंह ने कहा, “वह विकास और प्रगति चाहता है। वह अब पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का हिस्सा नहीं बनना चाहता। उन्होंने देश भर में विकास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति के रास्ते देखे हैं। वह इस अवसर को गंवाना नहीं चाहता।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)