देश की खबरें | ओडिशा में धामनगर विधानसभा उपचुनाव से पहले सरकार ने दो प्रखंड विकास अधिकारियों का तबादला किया

भुवनेश्वर, आठ अक्टूबर ओडिशा सरकार ने धामनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले भद्रक जिले के धामनगर और तिहिड़ी के प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) का तबादला कर दिया।

पंचायती राज एवं पेयजल विभाग ने शुक्रवार को बीडीओ के तबादले को लेकर अधिसूचना जारी कर दी।

भद्रक के जिलाधिकारी को धामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के चलते धामनगर के बीडीओ दुर्गा चरण मुर्मू और तिहिड़ी के बीडीओ बसंत साहनी को तत्काल कार्यमुक्त करने को कहा गया है।

कोरापुट के लक्ष्मीपुर के तहसीलदार बनबिहारी डिंडा को धामनगर में बीडीओ जबकि कालाहांडी के केसिंगा के तहसीलदार ज्योतिर्मय कार को तिहिड़ी के बीडीओ के रूप में पदस्थापित किया जाएगा।

कोरापुट और कालाहांडी के जिलाधिकारियों को ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) के दो अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने को कहा गया है।

इससे पहले, ओडिशा में धामनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भद्रक के उप-जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई थी।

उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

भाजपा विधायक बिष्णु चरण सेठी के 19 सितंबर को निधन के बाद धामनगर सीट खाली हुई थी। मतों की गिनती छह नवंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)