देश की खबरें | श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर को जमीन दिये जाने के बारे में सरकार को कोई जानकारी नहीं : मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के मंत्री जावेद अहमद डार ने शनिवार को कहा कि सरकार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि एक पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर को केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए ‘‘मुफ्त’’ जमीन मुहैया करायी गयी है, तथा वह इसकी जांच करेंगे।

जम्मू, आठ मार्च जम्मू कश्मीर के मंत्री जावेद अहमद डार ने शनिवार को कहा कि सरकार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि एक पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर को केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए ‘‘मुफ्त’’ जमीन मुहैया करायी गयी है, तथा वह इसकी जांच करेंगे।

कृषि उत्पादन मंत्री डार ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह बयान तब दिया जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक एम वाई तारिगामी और कांग्रेस विधायक दल के नेता जी ए मीर ने इस मुद्दे पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।

डार ने कहा, ‘‘यह राजस्व विभाग से जुड़ा मामला है। हमारे पास कोई जानकारी नहीं है और हम तथ्यों को जानने के लिए इसकी जांच करेंगे।’’

खबरों के अनुसार, पूर्व क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन की कंपनी ‘सीलोन बेवरेजेस’ को कठुआ में बोतल भराई और एल्यूमीनियम केन निर्माण संबंधी 1,600 करोड़ रुपये की इकाई लगाने के लिए 25.75 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।

तारिगामी ने किसी का नाम लिए बिना ‘मुफ्त’ जमीन आवंटन को लेकर सवाल उठाया और सरकार से जवाब मांगा।

कांग्रेस नेता मीर ने भी हस्तक्षेप करते हुए इस मामले को ‘गंभीर’ बताया और कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि एक गैर-भारतीय क्रिकेटर को बिना एक पैसा खर्च किए जमीन कैसे दे दी गई।

इससे पहले, मंत्री ने कहा था कि जिन परिवारों के पास अपनी जमीन नहीं है, उन्हें पीएमएवाई के तहत आवासीय मकानों के निर्माण के लिए पांच मरला जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\