देश की खबरें | श्रीनगर के लाल चौक स्थित घंटाघर का कायाकल्प होगा, जीर्णोद्धार कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के लाल चौक स्थित घंटाघर का श्रीनगर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि अगस्त के मध्य तक इसका जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो जाएगा।

श्रीनगर, तीन अगस्त जम्मू-कश्मीर के लाल चौक स्थित घंटाघर का श्रीनगर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि अगस्त के मध्य तक इसका जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो जाएगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मॉस्को के ‘रेड स्क्वायर’ के नाम पर रखे गए लाल चौक के जीर्णोद्धार के बाद शहर के घूमने-फिरने के लिहाज से उपयुक्त स्थानों की संख्या में इजाफा हो जाएगा।

लाल चौक के व्यापारियों का दावा है कि जीर्णोद्धार कार्य के कारण पिछले सात महीनों में उन्हें काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अब सब कुछ ठीक हो जाएगा।

लाल चौक व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष सुहैल शाह ने कहा, ‘‘पिछले सात-आठ महीनों से नवीनीकरण का काम जारी है। हालांकि हमें काफी नुकसान हो रहा है, लेकिन हमें अच्छे दिन दिखने की उम्मीद है... घंटाघर के निर्माण में यूरोपीय डिजाइन का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमें बताया गया है कि हम अब श्रीनगर में पेरिस देख सकेंगे।’’

सुहैल शाह ने कहा कि व्यापारियों को उम्मीद है कि अगस्त के मध्य तक जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें एसएमसी (श्रीनगर नगर निगम) आयुक्त और स्मार्ट सिटी के सीईओ अतहर आमिर खान ने आश्वासन दिया है कि हम 15 अगस्त के बाद एक नया लाल चौक देखेंगे।’’

शहर की निवासी सादिया को उम्मीद है कि पोलो व्यू बाजार के बाद घंटाघर शहर के लोगों के लिए घूमने-फिरने का एक और विकल्प होगा।

सादिया ने खुदी हुई सड़कों के बावजूद उत्साहित होकर कहा, ‘‘पुनर्निर्माण अच्छा है क्योंकि इससे बेहतर दृश्य उभरेगा। इससे पहले, पोलो व्यू बाजार का नवीनीकरण किया गया था और यह बहुत सुंदर हो गया है, जिससे यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।’’

एसएमसी आयुक्त अतहर आमिर खान ने कहा कि लाल चौक, एक ऐतिहासिक स्थान है और अब इसे एक ऐसे स्थान में बदला जा रहा है जो युवाओं को भी आकर्षित करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह श्रीनगर में सबसे प्रमुख एवं मशहूर स्थानों में से एक है। यह वाणिज्यिक गतिविधियों का केंद्र भी है। हमने इसे इस तरह से डिजाइन किया है, जैसा कि पोलो व्यू बाजार को किया गया था, ताकि यह आम लोगों के घूमने के लिए एक उपयुक्त स्थान बने।’’

खान ने कहा, ‘‘बहुत सारे पर्यटक और स्थानीय लोग देर शाम तक यहां आते हैं और ठहरते हैं। इसी तरह पूरे लाल चौक को डल झील और निशात की तरह एक पर्यटक केंद्र में बदलने का विचार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\