विदेश की खबरें | कैपिटल हिल में लोमड़ी ने सांसद एमी बेरा को पहुंचाई चोट

डी-कैलिफोर्निया के सांसद एमी बेरा का सोमवार शाम कैपिटल हिल में इस लोमड़ी से सामना हुआ और इस दौरान उन्हें कुछ खरोंचे आ गईं, जिसके बाद चिकित्सकों ने एहतियाती तौर पर उन्हें ‘रेबीज़’ के चार टीके लगवाने को कहा है।

बेरा ने कहा कि जब वह सीनेट कार्यालय की एक इमारत के पास से गुजरे रहे थे, तो उन्हें महसूस हुआ कि उनके पीछे कुछ है। उन्हें लगा कि कोई छोटा कुत्ता है और वह अपनी छतरी से उसे हटाने की कोशिश करने लगे, लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि वह एक लोमड़ी के साथ उलझ गए हैं। बेरा को लोमड़ी से उलझता देख वहां मौजूद एक शख्स ने चिल्लाकर दूसरे लोगों को बुलाया और अमेरिकी कैपिटल पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर लोमड़ी वहां से भाग गई।

इसके बाद, एक चिकित्सक ने बेरा की जांच की, जिन्हें उनके शरीर पर कुछ खरोंचे दिखीं। उन्होंने बेरा को एहतियाती तौर पर टीके लगवाने का आग्रह किया।

बेरा ने बताया कि इसके बाद वह ‘वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर’ गए और चार टीकों में से पहला टीका लिया। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले 10 साल में कैपिटल हिल में मेरा यह सबसे असामान्य दिन था।’’

कैपिटल पुलिस ने एक लोमड़ी के परिसर में पकड़े जाने की कुछ तस्वीरें भी ट्विटर पर साझा की है।

एपी निहारिका जोहेब

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)