विदेश की खबरें | लाहौर के जिन्ना हाउस पर हमले में पूर्व प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्री का हाथ : पुलिस
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, पांच जून पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पुलिस प्रमुख उस्मान अनवर ने कहा है कि ऐतिहासिक जिन्ना हाउस या कोर कमांडर हाउस पर नौ मई को हुए हमले में पूर्व प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्री यास्मीन राशिद की अहम भूमिका थी।

इससे पहले, आतंकवाद-रोधी एक अदालत ने मामले में यास्मीन राशिद को बरी कर दिया था।

‘डॉन न्यूज’ ने उस्मान अनवर के हवाले से कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवाद-रोधी अदालत के उस फैसले को भी चुनौती देगी, जिसमें पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं को इस मामले में रिहा करने का आदेश दिया गया था।

अनवर ने लाहौर के पुलिस प्रमुख बिलाल सिद्दीकी कम्याना के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम अदालत में यह साबित करने के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं कि पीटीआई के नेतागण निर्दोष नहीं हैं और पीटीआई अध्यक्ष (इमरान खान) की गिरफ्तारी के बाद हमले अचानक नहीं किए गए थे।"

उन्होंने कहा, “हमने पीटीआई नेता यास्मीन राशिद की पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बातचीत की 41 कॉल का पता लगाया, जो अदालत में सबूत के तौर पर पेश करने के लिए पर्याप्त हैं, ताकि उनके सैन्य प्रतिष्ठान पर हमलों के षडयंत्रकारी होने की बात साबित की जा सके।”

अनवर ने राशिद की एक वीडियो क्लिप भी दिखाई और दावा किया कि वह जिन्ना हाउस पर हमले की साजिश रच रही थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)