देश की खबरें | नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए इसे भयावह करार दिया और भारत के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की।

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत के लोगों के साथ हैं।’’

संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में, पहलगाम हमले में मारे जाने वालों की याद में कुछ पल का मौन रखा गया।

आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए। मृतकों में एक नेपाल का नागरिक भी शामिल था।

इस भीषण आतंकी हमले की दुनिया भर के देशों और नेताओं ने निंदा की है।

भट्टराई ने ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ में संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा, ‘‘कुछ दिन पहले, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक भयावह आतंकी हमला हुआ था...एक नेपाली नागरिक भी मारा गया। हम पुरजोर तरीके से इस आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि कहीं पर भी, किसी भी तरीके से आतंकवाद को उचित नहीं ठहराया जा सकता है।

बाद में उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में कहा, ‘‘हम इसकी पुरजोर निंदा करते हैं...यह एक नृशंस आतंकवादी हमला था। एक नेपाली नागरिक भी मारा गया। ऐसे आतंकवादी कृत्य निंदनीय हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से और नेपाल के लोगों की ओर से, इसकी निंदा करता हूं तथा सरकार एवं भारत के लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)