डिब्रूगढ़ (असम), 25 जून असम के डिब्रूगढ़ में बाढ़ का पानी आकाशवाणी केन्द्र के स्टूडियो में घुस गया जिसके बाद अधिकारियों को बृहस्पतिवार को वहां से प्रसारण का काम करना बंद करना पड़ा।
आकाशवाणी केन्द्र कार्यक्रम प्रमुख लोहित डेका ने कहा कि कार्यक्रमों का प्रसारण शहर से 18 किलोमीटर दूर लेपेटकाटा में स्थित आपात स्टूडियो से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ शहर में मंगलवार से ही भारी बारिश हो रही है और आकाशवाणी कार्यालय सह स्टूडियो परिसर और आवासीय परिसर में घुटने तक पानी जमा हो गया है।
जिला प्रशासन ने कन्वॉय मार्ग को लोगों के लिए बंद कर दिया है क्योंकि यहां पानी का स्तर बढ़ गया था। स्टूडियो भी यहीं स्थित है।
यह भी पढ़े | पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरोध में तेजस्वी यादव ने साइकिल से किया मार्च.
आकाशवाणी डिब्रूगढ़ रणनीतिक रूप से पूर्वी भारत के लिए महत्वपूर्ण रेडियो स्टेशन है क्योंकि यह चीन-भारत और भारत-म्यामां सीमा के नजदीक है।
डेका ने बताया, ‘‘डिब्रूगढ़ स्टूडियो से बुधवार रात तक कार्यक्रमों का प्रसारण हुआ लेकिन सुबह में स्टूडियो में (बिजली की) चिंगारी देखी गई जिसके बाद इंजीनियरों और प्रसारण से जुड़े कर्मियों ने सेवा को लेपेटकाटा स्टेशन स्थानांतरित कर दिया जहां से मुख्य रूप से प्रसारणों को संचरण का काम होता है लेकिन यहां आपात स्टूडियो भी है।
हालांकि इन सभी प्रक्रिया में प्रसारण का काम रूका नहीं और इसके लिए आकाशवाणी गुवाहाटी केंद्र का सहारा लिया गया। डेका ने कहा कि सभी 70 से अधिक कर्मी मुसीबत के समय भी काम में लगे रहे। आकाशवाणी डिब्रूगढ़ की स्थापना 15 फरवरी, 1968 में हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY