देश की खबरें | असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर, करीब पांच लाख लोग प्रभावित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और करीब पांच लाख लोग इसकी चपेट में हैं। बाढ़ की वजह से एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गुवाहाटी, 23 जून असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और करीब पांच लाख लोग इसकी चपेट में हैं। बाढ़ की वजह से एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुत्र समेत राज्य की प्रमुख नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन भारी बारिश का अनुमान जताया है जिससे जलस्तर और बढ़ने की आशंका है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम तक बाढ़ से 4.95 लाख लोग प्रभावित थे। उदलगुरी जिले के तामुलपुर में बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत हुई है।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रह्मपुत्र नदी नेमतीघाट (जोरहाट) और धुबरी में खतरे के निशान के ऊपर बह रही है।

खतरे के निशान के ऊपर बह रहीं अन्य नदियों में पुथिमारी (कामरूप), पगलागिया (नलबाड़ी) और मानस (बारपेटा) शामिल है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश एवं गरज के साथ बारिश को लेकर सतर्क रहने एवं अद्यतन सूचना से अवगत रहने को कहा है।

अब तक कुल 16 जिले और चार अन्य उपमंडल बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बजाली उपमंडल सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां 2.60 लाख से अधिक लोगों को बाढ़ ने परेशान किया है।

सात जिलों में 83 राहत शिविरों में 14,000 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं, जबकि अन्य 79 राहत वितरण केंद्र भी कार्यरत हैं।

सेना, अर्द्धसैनिक बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (एफ एंड ईएस), नागरिक प्रशासन, गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) तथा स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

एएसडीएमए की रिपोर्ट के अनुसार, सोनितपुर, बोंगाईगांव, दरांग, धुबरी, लखीमपुर, मोरीगांव, नलबाड़ी, दक्षिण सलमारा और उदलगुरी में व्यापक भूमिकटाव देखा गया है।

बोंगईगांव और दीमा हसाओ में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाओं की सूचना मिली है।

बारपेटा, सोनितपुर, दरांग, नलबाड़ी, बक्सा, चिरांग, धुबरी, कोकराझार, लखीमपुर, उदलगुरी, बोंगाईगांव, धेमाजी और डिब्रूगढ़ में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

एएसडीएमए की रिपोर्ट में कहा गया है कि बारपेटा, दरांग, जोरहाट, कामरूप मेट्रोपॉलिटन और कोकराझार जिलों में कई स्थान जलमग्न हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 194 रनों का टारगेट, ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Stats And Preview: प्लेऑफ की रेस में जीत दर्ज करने उतरेगी चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू