देश की खबरें | केरल में जूनियर छात्रों की ‘रैगिंग’ करने के आरोप में पांच वरिष्ठ छात्र गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोट्टायम में स्थित सरकारी नर्सिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्रों की रैगिंग करने के आरोप में तृतीय वर्ष के पांच छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कोट्टायम, 12 फरवरी केरल के कोट्टायम में स्थित सरकारी नर्सिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्रों की रैगिंग करने के आरोप में तृतीय वर्ष के पांच छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि संस्थान में करीब तीन महीने से जारी रैगिंग से तंग आकर प्रथम वर्ष के तीन छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

शिकायत के अनुसार, रैगिंग पिछले साल नवंबर में शुरू हुई थी।

शिकायत में छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें नग्न अवस्था में खड़े रहने के लिए मजबूर किया गया और भारोत्तोलन के लिए बने डंबल का इस्तेमाल कर उनके साथ क्रूर व्यवहार किया गया।

अन्य आरोपों में दिशा सूचक यंत्र (कंपास) और इसी तरह की वस्तुओं का इस्तेमाल कर उन्हें घायल करना और घावों पर लोशन लगाना शामिल है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि वरिष्ठ छात्र नियमित रूप से रविवार को जूनियर छात्रों से शराब खरीदने के लिए पैसे ऐंठते थे और अक्सर उनके साथ मारपीट करते थे।

शिकायत के अनुसार, उत्पीड़न को और अधिक सहन न कर पाने के कारण, तीन छात्रों ने आखिरकार कोट्टायम गांधीनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now