देश की खबरें | पुंछ में विस्फोटक बरामदगी के मामले में यूएपीए के तहत पांच लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हाल ही में एक विस्फोटक बरामद होने के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जम्मू, सात अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हाल ही में एक विस्फोटक बरामद होने के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से तस्करी कर भारत लाया गया था और 28 सितंबर को पुंछ शहर के परेड पार्क में एक महिला से इसे बरामद किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (पुंछ) रोहित बसकोत्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महिला ने बताया कि उसके पति मोहम्मद आज़ाद ने उसे आईईडी दिया था। इसके बाद आज़ाद को हिरासत में लिया गया और लगातार पूछताछ के बाद पूरी साजिश का खुलासा हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान में रहने वाले आज़ाद के मामा टीका खान ने विस्फोटक की व्यवस्था की। बाद में इसे तस्करी के जरिये भारत लाया गया था और कमरदीन व वजाहत ने उसे सौंपा । पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।’’

बसकोत्रा ​​ने कहा कि एक अन्य व्यक्ति, संदिग्ध सीमा पार तस्कर कमालदीन का नाम भी आरोपी से पूछताछ के दौरान सामने आया था, जिसे उसके सहयोगी सज्जाद के साथ एक अभियान के तहत पकड़ा गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के पास से छह किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई।

उन्होंने कहा कि कमालदीन के दो भाई नज़र और आतिफ भी पाकिस्तान में हैं और भारतीय हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि पांचों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\