देश की खबरें | दिल्ली में कारोबारी से 75 लाख रुपये की लूट के मामले में पांच लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने शालीमार बाग इलाके में एक कारोबारी से 75 लाख रुपये लूटने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

नयी दिल्ली, 18 जनवरी दिल्ली पुलिस ने शालीमार बाग इलाके में एक कारोबारी से 75 लाख रुपये लूटने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों की पहचान व्यवसायी के चालक विक्की कुमार (33), उसके रिश्तेदार रॉबिन (25), मुकेश (50), मुकेश का बेटा सुधांशु (23) और अभिषेक (21) के तौर पर हुई है।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) रवीन्द्र सिंह यादव ने कहा कि 13 जनवरी को कारोबारी ने विक्की कुमार और एक अन्य कर्मचारी विनोद को जनकपुरी इलाके से 75 लाख रुपये लाने के लिए भेजा था।

उन्होंने बताया कि जब वे अपने कार्यालय पहुंचे, तो दो मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों ने पिस्तौल का भय दिखाकर बैग छीन लिया और भाग गए।

पुलिस ने बताया कि कारोबारी की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में एक मामला दर्ज जांच शुरू की गई।

यादव के मुताबिक, बुधवार को आरोपियों को किराड़ी सुलेमान नगर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि कारोबारी का चालक विक्की आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था और कम वक्त में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था और उसका रिश्तेदार रॉबिन को भी पैसों की परेशानी थी और उसने अपना घर गिरवी रखा हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि रॉबिन ने सुधांशु, उसके पिता मुकेश और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर लूट को अंजाम देने की साज़िश रची।

यादव ने कहा, "मुकेश इससे पहले हत्या के प्रयास, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत चार आपराधिक मामलों में शामिल था। वह अपराध करने के लिए वाहन और हथियार उपलब्ध कराता था। अब तक, हमने 60.70 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। एक और आरोपी रोहित अब भी फरार है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’'

उन्होंने कहा कि एक मोटरसाइकिल और दो पिस्तौल बरामद कर ली गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\