देश की खबरें | बाहरी उत्तरी दिल्ली में पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियानों में कथित तौर पर मादक पदार्थों के पांच तस्करों को गिरफ्तार करके 620 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल दिल्ली पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियानों में कथित तौर पर मादक पदार्थों के पांच तस्करों को गिरफ्तार करके 620 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत 1.25 करोड़ रुपये से अधिक है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सहिबुल (36), जतिन (19), अरुण (20), रविंदर (40) और फारूक (35) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इन सभी को भलस्वा डेयरी और नरेला थानों में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज विभिन्न मामलों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहले अभियान में सहिबुल को 300 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ पहले से तीन अपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि सहिबुल के तीन भाई भी 2019 में मादक पदार्थों की कथित तस्करी से जुड़े झगड़े से संबंधित हत्या के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस ने दूसरे अभियान में जतिन, अरुण और रविंदर को एक सफेद कार में यात्रा करते समय 320 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) निधिन वल्सन ने बताया कि इस मामले में इससे पहले विजय उर्फ करण और निकेतन उर्फ निक्की की गिरफ्तारी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि तीसरे मामले में फारूक (35) को 4.35 किलो गांजा बरामदगी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया। उनके अनुसार, उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा कि उसकी पत्नी आमना भी एनडीपीएस मामले में न्यायिक हिरासत में है और उसके खिलाफ पहले से सात अपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के अलावा कथित तौर पर आपूर्ति शृंखला में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार भी जब्त की।
डीसीपी ने कहा, ‘‘हम असली स्रोत को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि गिरफ्तार किये गए ये लोग केवल बिचौलिए के रूप में काम कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)