देश की खबरें | लोगों को गर्व महसूस कराने के लिए राष्ट्रपति चुनाव लड़ रही हूं: मुर्मू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अपने समुदाय के लोगों और देश को गौरवान्वित करने के लिए चुनाव लड़ने का प्रस्ताव स्वीकार किया है।

भोपाल, 15 जुलाई राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अपने समुदाय के लोगों और देश को गौरवान्वित करने के लिए चुनाव लड़ने का प्रस्ताव स्वीकार किया है।

मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने समर्थन में प्रचार के लिए यहां आई हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आधिकारिक निवास पर भाजपा सांसदों एवं विधायकों की एक सभा को संबोधित किया। मुर्मू के सामने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं।

मुर्मू ने कहा, ‘‘ 21 जून को मेरी उम्मीदवारी की घोषणा करने से ठीक 15 मिनट पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे फोन किया और मुझे इस बारे में सूचित किया। आप सोच सकते हैं कि मेरे साथ क्या हुआ होगा। मैंने उनसे कहा कि आपने मुझे (झारखंड का) राज्यपाल बनाया और मैं अपने कर्तव्यों को ठीक से निर्वहन कर पा रही हूं, लेकिन क्या मैं यह काम ठीक से कर पाऊंगी?’’

उन्होंने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा, ‘‘ उन्होंने कहा कि हम सब आपके साथ हैं और आपको यह करना होगा।’’

मुर्मू ने कहा, ‘‘आजादी के 75 साल बाद जिन लोगों को यह मौका कभी नहीं मिला, जिन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इस मुकाम पर पहुंचेगे....वे बहुत खुश हैं और उन्हें बहुत सारी उम्मीदें हैं और वे इसके बाद बहुत उत्साहित हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जैसा कि प्रधानमंत्री दलितों को मुख्यधारा में लाने की सोच रहे हैं... और उन्हें जीवन में छोटा महसूस नहीं करना चाहिए, (इसलिए) मैंने प्रस्ताव के लिए हां कर दिया।’’

मुर्मू ने कहा कि उनके पास अपने जीवन में ‘‘ यह देश, यह पार्टी और भगवान है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘ इसलिए मैंने देश के लोगों को गर्व महसूस कराने के लिए सोचा... मैं देश के लिए अपना जीवन समर्पित कर रही हूं। मैंने अपने लिए नहीं बल्कि देश के लिए प्रस्ताव स्वीकार किया है।’’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुर्मू के जीवन के संघर्षों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राष्ट्रपति चुनाव में एक भी वोट खारिज न हो। उन्होंने सांसदों को समझाया कि कैसे मतदान करना है।

मुख्यमंत्री चौहान ने मुर्मू के एक पार्षद से विधायक, मंत्री और राज्यपाल तक के सफर का जिक्र किया और उन्हें एक दृढ़ निश्चय वाली महिला बताया।

उन्होंने कहा कि राजद द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू के चयन ने कई गैर-राजग दलों को उनका समर्थन करने के लिए मजबूर किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्य, दलित और अब आदिवासी समुदाय के सदस्य को राष्ट्रपति बनने का मौका दिया है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पश्चिम बंगाल के प्रभारी एवं भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और बसपा और सपा पार्टी के सदस्य मौजूद थे।

इससे पहले दिन में रायपुर से भोपाल हवाई अड्डे पहुंचने पर और चौहान के आवास पर मुर्मू का स्वागत आदिवासी नृत्य मंडली ने किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\