देश की खबरें | इंदिरा गांधी नहर से अतिरिक्त पानी देने की मांग को लेकर किसानों का 'चक्का जाम' का आह्वान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर सहित कई जिलों के किसानों ने रबी फसल के लिए इंदिरा गांधी नहर से अतिरिक्त सिंचाई पानी की मांग को लेकर शनिवार को 'चक्का जाम' का आह्वान किया है।
जयपुर, 14 फरवरी राजस्थान के बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर सहित कई जिलों के किसानों ने रबी फसल के लिए इंदिरा गांधी नहर से अतिरिक्त सिंचाई पानी की मांग को लेकर शनिवार को 'चक्का जाम' का आह्वान किया है।
किसानों ने शनिवार को घड़साना टोल पोस्ट पर ‘राष्ट्रीय राजमार्ग-911 और 620 आरडी के पास सतासर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने की घोषणा की है।
बीकानेर जिले के लूणकरणसर के किसान भी बीकानेर-श्रीगंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करेंगे।
अतिरिक्त पानी को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने यह निर्णय प्रशासन के साथ वार्ता विफल होने के बाद लिया है।
किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए घड़साना, अनूपगढ़, खाजूवाला और रावला क्षेत्र में अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन पर हैं।
किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहीं अनुगढ़ विधायक शिमला देवी ने कहा, "मैंने फसलों को बचाने के लिए अतिरिक्त पानी की मांग के बारे में राजस्थान विधानसभा सत्र में मुद्दा उठाया था।
उन्होंने बताया कि ‘‘हम किसानों की मांग को लेकर जल संसाधन मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।"
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरना पिछले कुछ दिनों से चल रहा है और शनिवार को किसान अपने विरोध प्रदर्शन के तहत राजमार्गों को जाम करेंगे।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि राजस्थान भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) का सदस्य नहीं है।
बीबीएमबी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ राज्यों को पानी की आपूर्ति को नियंत्रित करता है।
श्रीगंगानगर जिले के किसान सुभाष बिश्नोई ने कहा, "अगर हमें अतिरिक्त सिंचाई पानी मिल जाए तो हमारी मेहनत बच सकती है। लेकिन सरकार ने पानी रोक दिया है, जिससे हमारी फसलें सूखने की कगार पर हैं।"
जिले के एक अन्य गांव किसान अजमेर सिंह ने कहा, "पानी की कमी के कारण खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। कई किसान कर्ज में डूबे हुए हैं। कुछ ने बैंक से कर्ज लिया है, जबकि कुछ ने फसल बोने के समय साहूकारों से पैसे उधार लिए हैं।"
उन्होंने कहा कि अब फसल सूखने की कगार पर है और हमारी मेहनत और पैसा बर्बाद होता दिख रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)