देश की खबरें | वर्ष 2014 में पहली बार सरकार के राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा बने किसान : योगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दावा किया कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार किसान सरकार के राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा बने और उनके लिये विभिन्न नवोन्मेषी योजनाएं लागू की गयीं।

औरैया, आठ जून उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दावा किया कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार किसान सरकार के राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा बने और उनके लिये विभिन्न नवोन्मेषी योजनाएं लागू की गयीं।

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत औरैया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “अन्नदाता किसान भी किसी सरकार के राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा बन सकता है, यह आपको पहली बार वर्ष 2014 में देखने को मिला होगा, जब प्रधानमंत्री नरन्द्र मोदी ने ‘सॉइल हेल्थ कार्ड’ की व्यवस्था शुरू की थी।”

उन्होंने कहा, “पहले कृषि वैज्ञानिकों के अलावा और कोई भी ‘सॉइल हेल्थ कार्ड’ के बारे में जानता ही नहीं था। उसके बाद प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई की योजना और फिर प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना शुरू की गयी। आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देश के 12 करोड़ किसान प्राप्त कर रहे हैं।”

आदित्यनाथ ने यह भी कहा, “अकेले उत्तर प्रदेश में ही अब तक अब तक दो करोड़ 86 लाख किसानों के खाते में 85 हजार करोड़ रुपए भेजे गए हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2017 में हमने सबसे पहले 86 लाख किसानों का 36000 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। इसके अलावा अब तक 23 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी गयी है।”

मुख्यमंत्री ने मक्का के लिये खरीद केन्द्र स्थापित करने का ऐलान करते हुए कहा, “हम औरैया के किसानों को इस बात के लिए आश्वस्त करेंगे कि बहुत जल्द हम इसके लिए क्रय केंद्र स्थापित करके न्यूनतम समर्थन मूल्य की भी घोषणा करने वाले हैं।”

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ की सरकार ने पहली बार कृषि विश्वविद्यालयों और आईसीआर के वैज्ञानिकों को उनके केंद्रों से निकालकर खेतों में भेजने का काम किया है।

योगी ने कहा कि ‘लैब टू लैंड’ की इस प्रक्रिया को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘बीज से बाजार’ तक अन्नदाता किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए चलायी जाने वाले अभियान का ही हिस्सा मानना चाहिये।

उन्होंने पिछली सरकारों पर महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “पिछली सरकारें महापुरुषों का अपमान करती थीं। जनता के साथ मक्कारी करती थीं लेकिन ‘डबल इंजन’ की भाजपा सरकार मक्के की खेती के उत्पादन को बढ़ाती है। महापुरुषों का सम्मान करने का काम करती है। यही वजह है कि प्रदेश सरकार ने औरैया के मेडिकल कॉलेज का नाम राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा है।”

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “याद करिए पिछली सरकारों के समय गुंडे और माफिया हावी हुआ करते थे। ना बेटी सुरक्षित थी ना व्यापारी सुरक्षित था। नौजवान के लिए निकलने वाली नौकरियों पर चाचा (शिवपाल सिंह यादव) और भतीजे (अखिलेश यादव) की दृष्टि ऐसे लगती थी की पूरी भर्ती ही विवादित हो जाती थी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\