देश की खबरें | आंध्र में बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा मिलेगा : मुख्यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बेमौसम बारिश के कारण फसलों का नुकसान झेलने वाले किसानों के बीच छह मई तक मुआवजा वितरित करें।

अमरावती, पांच मई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बेमौसम बारिश के कारण फसलों का नुकसान झेलने वाले किसानों के बीच छह मई तक मुआवजा वितरित करें।

सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि फसल क्षति का आकलन तत्काल पूरा किया जाना चाहिए और प्रत्येक प्रभावित किसान को सरकारी मुआवजा मिलना चाहिए।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार नायडू ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करें कि बेमौसम बारिश के कारण फसलों का नुकसान झेलने वाले किसानों के बीच कल (मंगलवार) शाम तक मुआवजा वितरित हो जाए। फसलों के नुकसान का आकलन तुरंत पूरा किया जाना चाहिए और हर प्रभावित किसान को बिना देरी के सरकारी मुआवजा मिल जाना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आसमानी बिजली गिरने से जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिवारों को अनुग्रह राशि जारी करने का निर्देश दिया।

प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, 2,224 हेक्टेयर में धान और मक्का की फसलें बर्बाद हो गईं। सबसे अधिक प्रभावित जिले पश्चिम गोदावरी (1,033 हेक्टेयर), नांदयाल (641 हेक्टेयर), काकीनाडा (530 हेक्टेयर) और श्री सत्यसाई (20 हेक्टेयर) हैं।

नायडू ने अधिकारियों को बिजली गिरने से हुई मवेशियों की मौत के लिए भी तुरंत मुआवजा जारी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि चूंकि कई जिलों में आगे भी बारिश का पूर्वानुमान है, इसलिए जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को जनता को सचेत करना चाहिए और जानमाल के नुकसान से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाने चाहिए।

अधिकारियों से आपदा के समय मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए नायडू ने कहा कि यदि मोबाइल अलर्ट लोगों तक नहीं पहुंचता है, तो अधिकारियों को स्वयं जाना चाहिए और आस-पास के लोगों को चेतावनी देनी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\