देश की खबरें | एपीपीएससी परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया में तेजी लाए : अरुणाचल के राज्यपाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने शुक्रवार को राज्य लोक सेवा आयोग से प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
ईटानगर, 21 जून अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने शुक्रवार को राज्य लोक सेवा आयोग से प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
राजभवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि राज्यपाल ने यहां राजभवन में अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एपीपीएससी) के अध्यक्ष प्रोफेसर प्रदीप लिंग्फा नीत आयोग की एक टीम से मुलाकात की।
इस टीम के साथ बातचीत करते हुए राज्यपाल ने परीक्षा आयोजित करने की चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न साधन और तरीके सुझाए।
राज्यपाल परनाइक ने टीम को आयोग के आदेश का पालन करने तथा प्रत्येक कार्य में ईमानदारी सुनिश्चित करने की सलाह दी।
इससे पहले, लिंग्फा ने आयोग पर एक विशेष रिपोर्ट प्रस्तुत की और राज्यपाल को आयोग की गतिविधियों की जानकारी दी।
बैठक में अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य कर्नल (सेवानिवृत्त) कोज तारी, रोजी ताबा और जलाश पर्टिंग तथा सचिव पारुल गौर मित्तल उपस्थित थे।
नवगठित एपीपीएससी के अध्यक्ष को इस वर्ष 21 जनवरी को शपथ दिलाई गई, वहीं इसके सदस्यों को पिछले साल दिसंबर महीने में शपथ दिलाई गई थी।
पिछले साल प्रश्नपत्र लीक मामला प्रकाश में आने के बाद एपीपीएससी सुर्खियों में आया था।
आयोग द्वारा 2022 में आयोजित सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हो गया था। यह एक बड़ा मुद्दा बन गया और राज्य सरकार को आयोग के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों की नियुक्तियों को रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा साल 2022 में 26 और 27 अगस्त को आयोजित की गई थी, जिसमें 400 उम्मीदवारों ने भाग लिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)