जरुरी जानकारी | ईपीएफओ ने मार्च में 14.58 लाख सदस्य जोड़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करने वाले निकाय ईपीएफओ ने मार्च में कुल 14.58 लाख सदस्य जोड़े। यह आंकड़ा पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 1.15 प्रतिशत अधिक है। बुधवार को जारी नवीनतम पेरोल आंकड़ों में यह जानकारी मिली।
नयी दिल्ली, 21 मई सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करने वाले निकाय ईपीएफओ ने मार्च में कुल 14.58 लाख सदस्य जोड़े। यह आंकड़ा पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 1.15 प्रतिशत अधिक है। बुधवार को जारी नवीनतम पेरोल आंकड़ों में यह जानकारी मिली।
श्रम मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने मार्च 2025 में करीब 7.54 लाख नए सदस्य जोड़े। फरवरी 2025 की तुलना में यह आंकड़ा 2.03 प्रतिशत और मार्च 2024 की तुलना में 0.98 प्रतिशत अधिक है।
ईपीएफओ ने मार्च 2025 के लिए अस्थायी पेरोल आंकड़े जारी किए हैं जिसमें 14.58 लाख सदस्यों की शुद्ध वृद्धि की जानकारी दी गई। सालाना आधार पर यह आंकड़ा 1.15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।
मंत्रालय ने कहा कि नए सदस्यों की संख्या में वृद्धि रोजगार के बढ़ते अवसरों, कर्मचारी लाभ के बारे में बढ़ती जागरूकता और ईपीएफओ के सफल जागरूकता कार्यक्रमों के कारण है।
उल्लेखनीय है कि नए सदस्यों में 18-25 आयु वर्ग के 4.45 लाख सदस्य थे जिससे नए सदस्यों में इनकी हिस्सेदारी 58.94 प्रतिशत रही।
इससे पता चलता है कि संगठित कार्यबल में शामिल होने वाले ज्यादातर व्यक्ति युवा हैं।
इसके अलावा, मार्च 2025 में 18-25 आयु वर्ग के कुल सदस्यों की संख्या में मासिक आधार पर 4.21 प्रतिशत और वार्षिक आधार पर 4.73 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
आंकड़ों के अनुसार, करीब 13.23 लाख सदस्य, जो पहले ईपीएफओ की योजनाओं से बाहर निकल गए थे, मार्च में फिर इसमें शामिल हो गए। इन सदस्यों ने अपनी नौकरी बदली और ईपीएफओ के दायरे में आने वाले प्रतिष्ठानों में फिर से शामिल हो गए।
आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2025 में लगभग 2.08 लाख महिला सदस्य पहली बार ईपीएफओ में शामिल हुईं। इसमें सालाना आधार पर 0.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई। महिला सदस्यों की संख्या बढ़ने से अधिक समावेशी और विविध कार्यबल की ओर व्यापक बदलाव का संकेत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)