देश की खबरें | कांग्रेस नेता पर कथित हमले के बाद निर्वाचन आयोग ने त्रिपुरा के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की

नयी दिल्ली, 20 जनवरी त्रिपुरा में कांग्रेस नेता अजय कुमार पर कथित हमले के कुछ दिन बाद निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख को अपनी ‘‘नाराजगी’’ से अवगत कराया और उनसे यह बताने को कहा कि पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद स्थिति क्यों बिगड़ी। चुनाव इकाई ने यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग ने ‘‘समय पर उचित कार्रवाई न करने’’ के चलते कुछ अधिकारियों के खिलाफ ‘कड़ी’ कार्रवाई भी की है।

आयोग द्वारा तीन विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और उनसे तत्काल राज्य में जाने के लिए कहा गया है।

सूत्रों ने बताया कि उन्हें स्थिति का जायजा लेने, केंद्रीय बलों की उचित तैनाती सुनिश्चित करने और कानून प्रवर्तन उपायों को तेज करने के लिए भी कहा गया है।

आयोग ने जिरानिया उपमंडल, पश्चिमी त्रिपुरा उपमंडल पुलिस अधिकारी को निलंबित करने तथा तत्काल हटाए जाने का आदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि शीर्ष चुनाव इकाई ने रानीबाजार थाने के प्रभारी अधिकारी और जिरानिया थाने के प्रभारी अधिकारी को भी तत्काल हटाए जाने का भी आदेश दिया है।

आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से राज्य में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को खतरे की आशंका का तुरंत आकलन करने और बिना किसी देरी के तदनुसार सुरक्षा प्रदान करने को कहा है।

राज्य में 16 फरवरी को विधानसभा चुनाव होगा और मतगणना दो मार्च को होगी।

निर्वाचन आयोग ने कहा, ‘‘मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक, त्रिपुरा को यह बताने के लिए कहा गया है कि राज्य में पर्याप्त संख्या में सीएपीएफ कर्मियों की तैनाती के बावजूद स्थिति क्यों बिगड़ी।’’

आयोग ने राज्य के दौरे के दौरान और उसके बाद सख्त निर्देश दिए जाने के बावूजद हिंसा की घटनाएं होने पर नाराजगी जताई।

इसने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने और पक्षपात करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि राज्य सरकार की रिपोर्ट ने पुष्टि की है कि कुमार को ‘‘एक गैरकानूनी रैली (घटना उस क्षेत्र में हुई जहां जिला अधिकारियों द्वारा अनुमति नहीं दी गई थी) में मामूली चोटें आईं’’।

राज्य सरकार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग ने कहा कि कुमार को गंभीर चोट नहीं आई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)