देश की खबरें | एकनाथ शिंदे की राजनीतिक स्थिति अस्थिर, कोई और शिवसेना का नेतृत्व कर सकता है: कांग्रेस नेता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को दावा किया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हटाया जा सकता है और शिवसेना में नया ‘उदय’ देखने को मिल सकता है।
नागपुर, 20 जनवरी कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को दावा किया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हटाया जा सकता है और शिवसेना में नया ‘उदय’ देखने को मिल सकता है।
उन्होंने यह टिप्पणी राज्य मंत्री उदय सामंत के संदर्भ में की है।
महाराष्ट्र कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस द्वारा प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति पर शिंदे के नाखुश होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि शिंदे निजी यात्रा पर सतारा जिले में अपने पैतृक गांव चले गए हैं।
कांग्रेस नेता ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा, "मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में एकनाथ शिंदे की स्थिति बहुत खराब है। ऐसा लगता है कि शिंदे को किनारे किया जा सकता है। मुझे आश्चर्य है कि क्या शिंदे की राजनीतिक उपयोगिता खत्म हो गई है। शिंदेजी को उद्धव (ठाकरे) जी को बाहर करके लाया गया है।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष हमला करते हुए वडेट्टीवार ने दावा किया कि महाराष्ट्र में ऐसी राजनीतिक स्थिति बन सकती है जिसमें शिवसेना का तीसरा ‘उदय’ होने की संभावना है।
उन्होंने दावा किया, “एक उदय (राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत) दोनों नावों पर सवार हैं और उन्होंने (दोनों पक्षों के साथ) बहुत अच्छे संबंध बनाए रखे हैं।”
सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं।
फडणवीस सरकार ने शनिवार को महाराष्ट्र के 36 जिलों के लिए प्रभारी मंत्रियों की घोषणा की। हालांकि, एक दिन बाद नासिक और रायगढ़ के लिए इन नियुक्तियों पर रोक लगा दी गई।
राकांपा की अदिति तटकरे को रायगढ़ का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया, जिससे शिवसेना नेता भरत गोगावाले नाराज हो गए। भाजपा नेता गिरीश महाजन को नासिक जिले की जिम्मेदारी दी गई।
असंतोष की खबरों के बीच, भाजपा से सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और गिरीश महाजन शिंदे से मिलने और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए दरेगांव के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस इस समय विश्व आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने के लिए दावोस में हैं।
इस बीच, वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति पर फैसला अगले आठ दिनों में लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)