जरुरी जानकारी | सौदों के तेजी से निपटान के लिए प्रयास जारीः सेबी प्रमुख

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की चेयरपर्सन माधवी पुरी बुच ने सोमवार को कहा कि नियामक शेयर बाजारों में सौदों के त्वरित निपटान की कोशिश में लगा हुआ है।

मुंबई, 24 जुलाई भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की चेयरपर्सन माधवी पुरी बुच ने सोमवार को कहा कि नियामक शेयर बाजारों में सौदों के त्वरित निपटान की कोशिश में लगा हुआ है।

बुच ने कहा कि वह दिन अधिक दूर नहीं है जब शेयर बाजार में होने वाले सौदों का निपटान फौरन ही होने लगेगा।

उन्होंने कहा कि सेबी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहा है। ऐसा होने पर सौदों के निपटान में लगने वाला समय घट जाएगा।

सेबी की मुखिया ने कहा कि नई इक्विटी और डेट जारी करने की रफ्तार, म्यूचुअल फंड योजनाओं को मंजूरी में लगने वाले समय को कम करने के लिए नियामक प्रौद्योगिकी एवं अन्य तरीकों से मदद पहुंचाने की कोशिश में है। ऐसा होने पर अर्थव्यवस्था में पूंजी निर्माण तेज होगा।

उन्होंने कहा कि इन हस्तक्षेपों से निवेशकों को सालाना आधार पर 3,500 करोड़ रुपये के लाभ हुए हैं।

बुच ने कहा कि एक अर्थव्यवस्था के तौर पर भारत बहुत अच्छी स्थिति में है जिससे पूंजी सृजन में मदद पहुंचाने के लिए सेबी की भूमिका भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह के आंकड़ों से अर्थव्यवस्था की बहुत अच्छी स्थिति का पता चलता है। कंपनियों के अग्रिम कर भुगतान से भी उनके प्रदर्शन के बारे में आगे का अंदाजा मिलता है।

सेबी प्रमुख ने कहा कि इन दोनों पहलुओं से भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि वास्तविक होने का पता चलता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\