देश की खबरें | ईडी ने गुजरात के ठग किरण पटेल के खिलाफ जांच में कई स्थानों पर छापेमारी की

नयी दिल्ली, 20 मई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कहा कि उसने कथित ठग किरण पटेल के खिलाफ गुजरात में एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें संदिग्ध सामग्री के अलावा अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद किये गये।

पटेल पर आरोप है कि उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी की।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि 19 मई को की गई छापेमारी में अचल संपत्ति के दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।

बयान में कहा गया है, "जम्मू-कश्मीर और अन्य जगहों पर उसकी गतिविधियों के संबंध में आगे की जांच जारी है।

इसमें कहा गया कि किरणभाई जगदीशभाई पटेल और उसके सहयोगियों-जय सवजीभाई सीतापारा, हार्दिक किशोरभाई चंद्रना, विठ्ठलभाई मोतीभाई पटेल, अमित पांड्या और पीयूष कांतिभाई वसीता से संबंधित जांच में गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर, मोरबी और मेहसाणा में कुल 12 स्थानों पर छापेमारी की गई।

ईडी का आरोप है कि पटेल ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में सेवारत डॉ किरण पटेल, अतिरिक्त निदेशक (रणनीति और अभियान) के रूप में प्रस्तुत किया तथा लोगों से ठगी की।

धनशोधन का मामला जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक प्राथमिकी से संबंधित है।

ईडी ने कहा कि पटेल आदतन घोटालेबाज और बहरूपिया है। एजेंसी ने कहा कि खुद को उच्च अधिकारी बताकर एवं अपने राजनीतिक संपर्क का हवाला देकर भोले-भाले लोगों को ठगने के आरोप में उसके तथा उसके परिवार के सदस्यों पर गुजरात में अन्य प्राथमिकी भी दर्ज हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)