देश की खबरें | विश्वविद्यालयों की एनआईआरएफ रैंकिंग में डीयू की स्थिति में सुधार

नयी दिल्ली, पांच जून दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने सोमवार को घोषित केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग ढांचे (एनआईआरएफ) में मामूली सुधार देखा। रैंकिंग में दो स्थान उछलकर डीयू अब विश्वविद्यालयों में 11वें स्थान पर पहुंच गया है।

समग्र रैंकिंग में भी डीयू की स्थिति पिछले वर्ष के 23 से सुधर कर इस बार 22 हो गई।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनआईआरएफ के आठवें संस्करण की घोषणा की।

एनआईआरएफ के अनुसार, डीयू शहर में स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया इस्लामिया से पीछे है जिन्होंने विश्वविद्यालय श्रेणी के तहत क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान बरकरार रखा है।

पिछले साल, दिल्ली विश्वविद्यालय 13वें स्थान पर था, जबकि 2021 में यह 12वें स्थान पर था। 2020 में इसे 11वां, 2019 में 13वां और 2018 में विश्वद्यालय श्रेणी में सातवां स्थान मिला था।

रैंकिंग विभिन्न श्रेणियों जैसे समग्र, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अनुसंधान संस्थानों में की गई है।

डीयू के पांच कॉलेज एनआईआरएफ रैंकिंग में शीर्ष 10 कॉलेजों में शामिल थे, मिरांडा हाउस ने लगातार सातवें वर्ष शीर्ष स्थान हासिल किया।

डीयू के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज को लेडी श्रीराम कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) से ऊपर स्थान दिया गया और यह देश के शीर्ष 10 कॉलेजों में से एक था।

अपनी समग्र रैंकिंग में डीयू 22वें स्थान पर पहुंच गया है। 2021 में यह 19वें स्थान पर था, जबकि 2020 और 2019 में क्रमशः 18वें और 20वें स्थान पर था। 2018 में इसने 14वीं रैंक हासिल की थी।

इस साल डीयू के पांच कॉलेज देश के शीर्ष 10 कॉलेजों में शामिल थे, मिरांडा हाउस और हिंदू कॉलेज ने अपनी रैंकिंग बरकरार रखी और शीर्ष दो स्थान हासिल किए। आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज, जो पिछले साल सातवें स्थान पर था इस बार एक स्थान चढ़कर छठे स्थान पर आ गया है।

किरोड़ीमल कॉलेज (केएमसी) और लेडी श्री राम कॉलेज फॉर वीमन (एलएसआर) भी शीर्ष 10 कॉलेजों में शामिल थे। पिछले साल एलएसआर ने पांचवां स्थान हासिल किया था जबकि केएमसी 10वें स्थान पर था।

एसआरसीसी ने 11वां स्थान हासिल किया जबकि हंस राज कॉलेज, श्री वेंकटेश्वर कॉलेज और सेंट स्टीफंस ने क्रमश: 12वां, 13वां और 14वां स्थान हासिल किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)