देश की खबरें | डीयू का शैक्षणिक कैलेंडर इस वर्ष पटरी पर लौटा, स्नातक की कक्षाएं 16 अगस्त से होंगी शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का शैक्षणिक कैलेंडर बीते तीन साल से अस्त-व्यस्त था, लेकिन इस साल यह पटरी पर लौट आया है और स्नातक पाठ्यक्रमों (यूजी) के लिए कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू हो रही हैं।
नयी दिल्ली, सात अगस्त दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का शैक्षणिक कैलेंडर बीते तीन साल से अस्त-व्यस्त था, लेकिन इस साल यह पटरी पर लौट आया है और स्नातक पाठ्यक्रमों (यूजी) के लिए कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू हो रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय इस बार 2020 के बाद पहला छात्र संघ चुनाव कराएगा और मतदान सितंबर या अक्टूबर में हो सकता है।
कोरोना वायरस महामारी के कारण शैक्षणिक कैलेंडर अस्त-व्यस्त हो गया था।
डीयू के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय का नया शैक्षणिक कैलेंडर 16 अगस्त से शुरू होगा।”
दाखिला प्रक्रिया जारी है और पहले दौर के लिए सीट आवंटन का आखिरी दिन सोमवार है। डीयू के 68 कॉलेजों में विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में 71000 सीट हैं।
महामारी के कारण शैक्षणिक कैलेंडर बाधित हुआ था और इस वजह से कॉलेजों में कुछ दिन की छुट्टियां दी गई थी, या छुट्टियां दी ही नहीं गई थी। इसने सेमेस्टर की एकरूपता को भी प्रभावित किया था, क्योंकि कक्षाएं अलग-अलग समय पर शुरू हो रही थी।
विश्वविद्यालय ने कहा कि शिक्षक एक महीने की अनिवार्य छुट्टी मांग रहे हैं, क्योंकि लगातार शिक्षण कार्य करने से उनके मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है।
इस साल नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं जिनमें तीन बीटेक कार्यक्रम और पांच वर्ष का एलएलबी कार्यक्रम शामिल है।
अधिकारी ने बताया कि तीन बीटेक कार्यक्रमों में 360 सीट हैं जबकि एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) भी शुरू किया जा रहा है।
डीयू ने विद्यार्थियों को तीन साल या चार साल का कार्यक्रम चुनने का विकल्प दिया है। छात्र स्नातक पाठ्यक्रम रूपरेखा 2022 पर आधारित संशोधित पाठ्यक्रम का अध्ययन करेंगे जो शैक्षणिक सत्र 2022-23 से लागू हो रहा है।
पाठ्यक्रम में कई विवादास्पद परिवर्तन किये गये हैं। डीयू ने राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम से पाकिस्तान के राष्ट्र कवि मोहम्मद इकबाल से संबंधित एक अध्याय हटा दिया है। 'आधुनिक भारतीय राजनीतिक विचार' शीर्षक वाला अध्याय बीए के छठे सेमेस्टर के पेपर का हिस्सा है।
विरोध के बाद डीयू के राजनीति विज्ञान विभाग ने चौथे सेमेस्टर के संशोधित पाठ्यक्रम में 'गांधी और समकालीन विश्व' पेपर को बहाल कर दिया है।
कॉलेज ऑफ आर्ट्स में बीए फाइन आर्ट्स में प्रवेश इस वर्ष भी सामान्य सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) के माध्यम से दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)