देश की खबरें | ‘तकनीकी कारणों’से घंटो बाधित रही आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप बहाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लिकेशन मंगलवार सुबह से अपराह्न करीब डेढ़ बजे तक बाधित रहा जिसकी वजह से देशभर के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, बाद में इसे बहाल कर दिया गया।

मुंबई, 25 जुलाई भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लिकेशन मंगलवार सुबह से अपराह्न करीब डेढ़ बजे तक बाधित रहा जिसकी वजह से देशभर के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, बाद में इसे बहाल कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ‘तकनीकी खराबी’ के कारण रेल टिकट बुकिंग की सेवा बाधित रही जिसे बाद में बहाल कर दिया गया; परंतु इस खराबी से ना केवल यात्रियों के बीच अफरा-तफरी रही बल्कि कुछ यात्रियों ने टिकट आरक्षित हुए बिना खाते से पैसे कटने की भी शिकायत की। यात्रियों के लिए स्थिति तब और भी ज्यादा खराब हो गई जब स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने की प्रणाली(यूटीएस) में समस्या आने लगी।

अनेक लोगों को सुबह से ही टिकट आरक्षण में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने शिकायत की कि आईआरसीटीसी के टिकट बुकिंग साझेदारों के माध्यम से भी टिकट आरक्षित करने में समस्या का सामना करना पड़ा।

आईआरसीटीसी ने ट्वीट किया,‘‘ आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप पर तकनीकी कारणों से टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र(सीआरआईएस) की तकनीकी टीम समस्या का समाधान करने की कोशिश कर रही है।’’

उसने लोगों को अमेजॉन, मेकमाइट्रिप समेत अन्य मंचों से टिकट बुक करने की सलाह दी।

मध्य रेलवे(सीआर) के प्रवक्ता ने बताया कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर देर रात दो बजकर 56 मिनट से दोपहर एक बजकर 28 मिनट तक तकनीकी समस्या आई।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर एक बजकर 28 मिनट के बाद से वेबसाइट सही तरीके से काम कर रही है।

कुछ लोगों ने दावा किया है कि जब उन्होंने वेबसाइट और ऐप से टिकट बुक करने की कोशिश की तो उनके खाते से पैसे तो कट गये लेकिन टिकट आरक्षित नहीं हुआ।

शारिब खान ने ट्वीट कर कहा ,‘‘ जब मैंने पहली बार टिकट बुक करने की कोशिश की तो पैसे कट गए लेकिन टिकट बुक नहीं हुआ। मैनें पांच बार कोशिश की और असफल रहा जिसकी वजह से मेरे 10,000 रुपये फंस गए हैं।’’

अधिकारियों ने कहा कि वेबसाइट में समस्या के बावजूद आरक्षित टिकटों की संख्या में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई। आईआरसीटीसी की वेबसाइट से रोजाना औसतन 12 से13 लाख टिकटें बुक होती हैं वही मंगलवार को मध्यरात्रि से शाम चार बजकर 30 मिनट तक 14,19,671 टिकटों की बुकिंग की गई।

उन्होंने कहा, इसका मुख्य कारण यह है कि रेलवे ने विभिन्न जोनल रेलवे में लगभग 200 अतिरिक्त यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) टिकट काउंटरों को खोला है।

आईआरसीटीसी वेबसाइट की क्षमता एक मिनट में 25,000 टिकट आरक्षित करने की है जिसे बढ़ाकर प्रति मिनट ढाई लाख करने की योजना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\