देश की खबरें | बारिश व जलभराव के कारण दिल्ली सरकार का 'सबसे बड़ा तिरंगा' बनाने का कार्यक्रम स्थगित

नयी दिल्ली, चार अगस्त दिल्ली सरकार के विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा बृहस्पतिवार को ''दुनिया के सबसे बड़े तिरंगे'' की रूपरेखा बनाने का कार्यक्रम जलभराव के कारण स्थगित हो गया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि चार अगस्त को हज़ारों की संख्या में स्कूली बच्चे तिरंगे की सबसे बड़ी रूपरेखा बनाने का विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए एक साथ आएंगे।

यह कार्यक्रम बुराड़ी मैदान में होने वाला था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर जलभराव के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शामिल होना था।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर बताया, ''आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली के बच्चे आज सबसे बड़ा तिरंगा बनाने वाले थे। लेकिन बुराड़ी मैदान में बारिश का पानी भरने के कारण यह कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया जा रहा है। कल हमारे बच्चों ने इसकी शानदार रिहर्सल भी की थी।''

एक अधिकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के स्कूलों के लगभग 50 हज़ार विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना थी।

कार्यक्रम स्थगित होने के बाद, कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने राज्य सरकार की ‘‘असमर्थता और निष्क्रियता’’ को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा।

दिल्ली कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि कार्यक्रम को स्थगित करने के बजाय, दिल्ली सरकार को कार्यक्रम के लिए एक वैकल्पिक स्थल की व्यवस्था करनी चाहिए थी।

कुमार ने कहा, ‘‘अगर बुराड़ी मैदान में पानी भर गया था, तो दिल्ली सरकार को एक वैकल्पिक स्थल की व्यवस्था करनी चाहिए थी। आयोजन को स्थगित करने के बजाय, इसे त्यागराज या नेहरू स्टेडियम में स्थानांतरित किया जा सकता था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)