जरुरी जानकारी | औषधि नियंत्रक की एबॉट के डाइजिन जेल का इस्तेमाल न करने की सलाह

नयी दिल्ली, छह सितंबर भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अमेरिकी दवा कंपनी एबॉट की पाचन-संवर्द्धक दवा डाइजिन जेल का इस्तेमाल रोकने की सलाह दी है।

इस मामले में एबॉट ने अपने गोवा संयंत्र में निर्मित डाइजिन जेल की कई खेपों को वापस मंगाने की घोषणा भी की है।

डीसीजीआई ने एक पत्र में कहा है कि डाइजिन जेल की मिंट फ्लेवर वाली दो बोतलों के स्वाद एवं रंग में अंतर पाए जाने की शिकायतें उपभोक्ताओं से मिली थीं।

इस बारे में एबॉट इंडिया लिमिटेड और वर्ना इंडस्ट्रियल एस्टेट, गोवा ने नियामक को पत्र लिखकर सूचित किया कि कुछ विनिर्माण खेपों वाली दवा को वापस मंगाया जा रहा है। इसके अलावा उसने गोवा इकाई में डाइजिन जेल के सभी संस्करणों का उत्पादन स्वैच्छिक रूप से बंद करने की जानकारी भी दी थी।

डीसीजीआई ने अपने पत्र में कहा है कि रद्द की गई दवा का इस्तेमाल असुरक्षित हो सकता है और लोगों पर प्रतिकूल असर देखा जा सकता है।

इसके साथ ही औषधि नियंत्रक ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को इस दवा के चिकित्सकीय इमाल को बंद करने के बारे में मरीजों को सूचित करने की सलाह भी दी है। अगर किसी तरह का प्रतिकूल असर नजर आता है तो तत्काल उसकी जानकारी देने को कहा गया है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)