देश की खबरें | डॉक्टर का क्षेत्र अवसरों से परिपूर्ण, समाज के लिए कई नई चीजें कर सकते हैं : आदित्यनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि डॉक्टरों का क्षेत्र अवसरों से भरा हुआ है और वे समाज के लिए ढेरों नई चीजें कर सकते हैं।
गोरखपुर, चार अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि डॉक्टरों का क्षेत्र अवसरों से भरा हुआ है और वे समाज के लिए ढेरों नई चीजें कर सकते हैं।
तंबाकू नियंत्रण में नीतिगत अनुसंधान के लिए नवनिर्मित प्रेक्षागृह और राष्ट्रीय केंद्र का उद्घाटन करने के बाद तंबाकू नियंत्रण पर एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “एक डॉक्टर का कार्य डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज के लिए ढेरों नई चीजें कर सकता है क्योंकि उसके पास अवसरों की भरमार है।”
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की कार्यकारी निदेशक डॉक्टर सुरेखा किशोर, प्रोफेसर अशोक प्रसाद, प्रोफेसर बीएस गर्ग, वंदना शाह, डॉक्टर ओम प्रकाश और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक डॉक्टर के लिए हर मरीज एक अनुसंधान का विषय है और यदि एक डॉक्टर ओपीडी में एक साल तक मरीजों को देखता है और उन्हें सलाह देता है तो उसे व्यवहारिक अनुभव मिलता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जापान में जापानी बुखार पैदा होने के 100 साल बाद भारत में 2006 में इसका टीका विकसित किया गया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नौ महीने के भीतर कोरोना का टीका दो घरेलू कंपनियों में विकसित किया गया और देश में 200 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा, “1978 से 50 हजार बच्चों की मौत हो चुकी है, लेकिन एक भी अनुसंधान पत्र इस मुद्दे पर नहीं देखा गया। पिछले चार साल के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में जापानी बुखार पर 95 प्रतिशत तक नियंत्रण पाया गया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज से बेहतर एहतियात है, इस बात को सभी जानते हैं। तंबाकू के उपयोग और धूम्रपान से होने वाले नुकसान को जानने के बावजूद लोग अब भी इसका सेवन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं औऱ लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचा सकते हैं। एम्स ने तंबाकू नियंत्रण के लिए एक अभियान शुरू किया है और राज्य सरकार इसमें पूरा सहयोग करेगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों में सभी तरह के तंबाकू के उपभोग पर प्रतिबंध लगा रखा है और इस नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ पांच साल पहले मुख्यमंत्री बनने के बाद जब मैं सचिवालय गया, कई जगहों पर पान और गुटका के धब्बे पाए और तभी सरकारी कार्यालयों में किसी भी तरह के तंबाकू के उपभोग पर रोक लगाने का निर्णय किया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)