देश की खबरें | आंध्र प्रदेश में वाईएसआर रायथु भरोसा-पीएम किसान योजना के तहत 1,294 करोड़ रुपये का वितरण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने वाईएसआर रायथु भरोसा - पीएम किसान योजना के तहत पांचवें वर्ष के लिए बुधवार को 1,294 करोड़ रुपये वितरित किए।
अमरावती, 28 फरवरी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने वाईएसआर रायथु भरोसा - पीएम किसान योजना के तहत पांचवें वर्ष के लिए बुधवार को 1,294 करोड़ रुपये वितरित किए।
इसमें वाईएसआर सुन्ना वड्डी पंटा रुनालु योजना के तहत चौथे वर्ष के लिए ब्याज सहायता भी शामिल है।
इस योजना के तहत 1,294 करोड़ रुपये में से 53 लाख से अधिक किसानों को 2,000 रुपये की दर से 1,078 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई है। वहीं 216 करोड़ रुपये की धनराशि रबी-2021 और खरीफ-2022 मौसम के दौरान लिए गए फसल ऋण पर ब्याज की समय पर भुगतान के लिए 11 लाख किसानों को ब्याज सहायता के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अधिकारियों और लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘राज्य का कल्याण किसानों के कल्याण पर निर्भर करता है और इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने पिछले 57 महीनों में किसानों के कल्याण के लिए कई आवश्यक कदम उठाए हैं।’’
मुख्यमंत्री के अनुसार युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सरकार ने पिछले 57 महीनों में रायथु भरोसा योजना के तहत प्रत्येक किसान को 67,500 रुपये का भुगतान किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्धता के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है और हर कदम पर उनका साथ दे रही है।
रेड्डी ने आरोप लगाया कि राज्य की पूर्ववर्ती तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) की सरकार ने किसानों के 87,612 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का वादा नहीं निभा कर कृषक समुदाय को धोखा दिया था।
रेड्डी ने कहा कि अब तक वाईएसआर रायथु भरोसा - पीएम किसान योजना के तहत 34,288 करोड़ रुपये और वाईएसआर सुन्ना वड्डी पंटा रुनालु योजनाओं के माध्यम से 2,050 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं, जिससे 85 लाख किसानों को लाभ हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)