जयपुर, 22 फरवरी कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि देश में तानाशाही का राज है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब भी नहीं संभली तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और आगे आने वाले समय में चुनाव नहीं होगा।
वह दौसा में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की अपील की।
डोटासरा ने कहा,‘‘आज हमारे लिए तेरा-मेरा करने का समय नहीं है। अब हमें देश की ओर देखना है। देश किस दिशा में जा रहा है? क्या होने जा रहा है? क्या देश फिर गुलामी की ओर जा रहा है? देश में तानाशाही का राज है। देश में कोई बोल नहीं सकता। प्रजातंत्र खतरे में है। देश में कोई सुनने वाला नहीं है। देश में गरीब, और गरीब होता जा रहा है। प्रजातंत्र खतरे में है। गरीब और अमीर की खाई बढ़ती जा रही है।’’
उन्होंने भाजपा पर बरसते हुए कहा,‘‘उसने झूठ बोल बोलकर राज ले लिया । अगर अब भी हम नहीं संभले तो यह देश जिस दिशा में जा रहा है, वैसे में मैं दावे के साथ कहता हूं कि लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। आगे आने वाले समय में चुनाव नहीं होगा। यह बात हमें समझनी होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज पाकिस्तान में चुनाव होने के बावजूद कमरे में बैठकर फैसले हो रहे हैं कि यह राष्ट्रपति बनेगा, यह प्रधानमंत्री बनेगा। अगर हम फिर भी नहीं संभले तो यह समझ लें कि आने वाले समय में पाकिस्तान की तरह हमारे यहां भी एक कमरे में बैठकर फैसले हो जाएंगे कि यह देश का प्रधानमंत्री बनेगा, यह राष्ट्रपति और यह मंत्री बनेगा।’’
राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि बीते पांच साल में तत्कालीन सरकार की जो योजनाएं थीं उससे बेहतर कोई योजना देश के किसी अन्य राज्य में न थी, न हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY