देश की खबरें | मप्र के बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरु की जांच

छतरपुर (मध्य प्रदेश), 24 जनवरी जिले में पर्ची के जरिए लोगों का भविष्य बताने का दावा करने वाले स्वयंभू संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को एक व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शास्त्री गढ़ा गांव में बागेश्वर धाम के प्रधान पुजारी हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शास्त्री के चचेरे भाई लोकेश गर्ग को सोमवार रात को एक धमकी भरा फोन आया।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा, ‘‘फोन करने वाले ने अपना नाम अमर सिंह बताया। शास्त्री के चचेरे भाई लोकेश गर्ग की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) और 507 (एक गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी) के तहत बमीठा थाना में मामला दर्ज किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि फोन करने वाले का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने गर्ग से कहा कि वह शास्त्री से बात करना चाहता है। लेकिन उसे जब बताया गया कि शास्त्री रायपुर में है तो वह व्यक्ति क्रोधित हो गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

बागेश्वर धाम सरकार कहे जाने वाले शास्त्री के मध्य प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी काफी अनुयायी हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के तर्कवादी श्याम मानव ने उन्हें चमत्कार साबित करने की चुनौती भी दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)