देश की खबरें | डीजीसीए ने 30 उड़ान प्रशिक्षण संगठनों का ऑडिट किया, सुरक्षा संबंधियां कई खामियां पाईं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने मार्च 2021 के बाद से 30 उड़ान प्रशिक्षण संगठनों(एफटीओ) का ऑडिट किया और उन्हें कई सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया।
नयी दिल्ली, 16 जून नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने मार्च 2021 के बाद से 30 उड़ान प्रशिक्षण संगठनों(एफटीओ) का ऑडिट किया और उन्हें कई सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया।
महानिदेशालय के एक बयान के अनुसार, इसके परिणामस्वरूप डीजीसीए ने एक एफटीओ की मंजूरी को निलंबित कर दिया है। दो प्रबंधकों को चेतावनी पत्र जारी किया है। चार प्रमाणित उड़ान प्रशिक्षकों (सीएफआई), तीन उप सीएफआई और एक सहायक उड़ान प्रशिक्षक (एएफआई) को निलंबित कर दिया है।
डीजीसीए ने ऑडिट में पाया कि ''हवाई क्षेत्र/प्रशिक्षण संगठनों में सुविधाएं आवश्यकताओं के अनुसार नहीं हैं। रनवे की सतह खराब पाई गई और 'विंड सॉक' फटा हुआ या मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।''
डीजीसीए ने कहा कि कई एफटीओ में उड़ान से पहले शराब पीने की जांच के नियमों का पालन नहीं किया गया।
महानिदेशालय ने कहा, ''कुछ निर्देशकों, प्रशिक्षु पायलट और विमान रखरखाव इंजीनियर ने बीए (ब्रीदअलायजर) जांच नहीं कराई या काम शुरू करने/विशेषाधिकारों के इस्तेमाल से पहले हलफनामा नहीं दिया।''
कुछ मामलों में, इस्तेमाल किए जा रहे परीक्षण उपकरण आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं मिले।
डीजीसीए ने कहा कि उसने आधिकारिक दस्तावेजों में कुछ गलतियां पाईं।
महानिदेशालय ने कहा कि प्रशिक्षु पायलट के बुनियादी प्रशिक्षण में खामियां पाई गईं। एकल उड़ानें संचालित करने से पहले उन्हें आपात स्थिति और आवश्यक अभ्यासों के बारे में उपयुक्त जानकारी और प्रशिक्षण नहीं दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)