देश की खबरें | बिहार के सभी नये मंत्रियों को विभाग आवंटित

पटना, 27 फरवरी बिहार में बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान शपथ लेने वाले सभी सात मंत्रियों को बृहस्पतिवार को विभागों का आवंटन कर दिया गया, जबकि एक उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों को नयी जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

नयी जिम्मेदारी पाने वाले मंत्रियों में से एक को छोड़कर सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की गठबंधन सहयोगी है।

बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य के 36 सदस्यीय मंत्रिमंडल में भाजपा के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 21 हो गई।

कैबिनेट सचिवालय विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, निर्माण विभाग जो पहले उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास था, अब नितिन नवीन को दिया गया है, जो मंगल पांडेय को विधि विभाग का प्रभार सौंपेंगे।

अधिसूचना के अनुसार, सिन्हा के पास खान और भूविज्ञान विभाग बरकरार रहेगा, जबकि उन्हें कृषि विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जो पहले मंगल पांडे के पास था। वहीं, स्वास्थ्य विभाग पांडेय के पास ही रहेगा।

अधिसूचना के मुताबिक, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन जल संसाधन विभाग का नेतृत्व करते रहेंगे, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी क्रमश: बुधवार को मंत्रिमंडल में शामिल किए गए कृष्ण कुमार मंटू और विजय कुमार मंडल को सौंपी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, नीतीश मिश्रा उद्योग मंत्री बने रहेंगे, जबकि पर्यटन विभाग राजू कुमार सिंह को सौंपा गया है। इसमें कहा गया है कि प्रेम कुमार सहकारिता विभाग की कमान संभालते रहेंगे, जबकि पर्यावरण, वानिकी और जलवायु परिवर्तन विभाग सुनील कुमार को सौंपा गया है, जो बुधवार को मंत्रिमंडल का हिस्सा बने थे।

अधिसूचना के मुताबिक, संजय सरावगी, जो पहली बार कैबिनेट में शामिल किए गए हैं, उन्हें राजस्व और भूमि सुधार विभाग मिले हैं। ये विभाग बुधवार तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के पास था।

जायसवाल ने बुधवार को कैबिनेट विस्तार से कुछ घंटे पहले पार्टी की ‘एक व्यक्ति एक पद’ नीति का हवाला देते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

जिबेश कुमार, जो 2020 से 2022 तक मंत्री थे, उन्हें फिर से मंत्रिमंडल शामिल किया गया है। कुमार को शहरी विकास और आवास विभाग सौंपा गया है, जो अब तक नितिन नबीन के पास था।

बुधवार को कैबिनेट में शामिल होने वाले मोती लाल प्रसाद को कला, संस्कृति और युवा मामलों का विभाग दिया गया है। यह विभाग अभी तक उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)